सारण में नदी किनारे बनेगा आधुनिक गैस आधारित शवदाह गृह, एक एकड़ में होगा निर्माण
डीएम ने भूमि चयन का दिया निर्देश

छपरा। सारण जिले में अंतिम संस्कार की आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिले में सरयू (गंगा) नदी के किनारे गैस आधारित शवदाह गृह के निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस योजना के तहत प्रत्येक चयनित स्थल पर लगभग एक एकड़ भूमि पर शवदाह गृह का निर्माण किया जाएगा।
इस संबंध में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने गंगा/सरयू नदी से सटे प्रखंडों सदर, रिविलगंज, मांझी, दिघवारा एवं सोनपुर में भूमि चिन्हित करने को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में परियोजना की प्रगति, भूमि उपलब्धता और प्रस्ताव भेजने की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
पांच प्रखंडों में शीघ्र भूमि चयन के निर्देश
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों, भूमि सुधार उप समाहर्ताओं, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि गैस आधारित शवदाह गृह के निर्माण हेतु नदी के किनारे उपयुक्त एक एकड़ भूमि का अविलंब चयन कर प्रस्ताव भेजना सुनिश्चित करें, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जा सके।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि आमजनों को स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक अंतिम संस्कार की सुविधा भी उपलब्ध कराएगी।
नियमित अनुश्रवण का आदेश
जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता, राजस्व एवं प्रभारी पदाधिकारी (राजस्व) को निर्देश दिया कि वे इस संदर्भित कार्य का नियमित अनुश्रवण करें और यह सुनिश्चित करें कि भूमि चयन एवं प्रस्ताव भेजने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
प्रशासनिक स्तर पर तेजी दिखाते हुए जिलाधिकारी ने संकेत दिया कि भूमि चयन होते ही आगे की स्वीकृति एवं निर्माण प्रक्रिया को भी प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण और जनहित की दिशा में पहल
गैस आधारित शवदाह गृह के निर्माण से जहां पारंपरिक लकड़ी आधारित दाह संस्कार से होने वाले प्रदूषण में कमी आएगी, वहीं नदी किनारे होने वाले दाह संस्कार को भी अधिक सुव्यवस्थित और सम्मानजनक स्वरूप मिलेगा। प्रशासन का मानना है कि यह पहल आने वाले समय में सारण जिले के लिए एक मॉडल परियोजना साबित होगी।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- August 27, 2026क्राइमChhapra News: पड़ोसियों से विवाद पड़ा भारी, मारपीट के 9 दिन बाद महिला की मौत, हत्या मामले में तीन गिरफ्तार
- August 27, 2026क्राइमChhapra Court: साढ़े पांच साल जेल में काटे, अब मिली बेगुनाही की आजादी; बेटे की हत्या के आरोप से बाइज्जत बरी हुई बबली खातून
- August 27, 2026क्राइमChhapra Crime News: सारण का कुख्यात ‘टाइगर’ आखिरकार पुलिस के शिकंजे में, STF ने रचा गिरफ्तारी का जाल
- August 27, 2026छपरासारण में जयप्रभा सेतु से उफनती सरयू नदी में कूदी इंजीनियरिंग की छात्रा, तेज धारा में बहकर हुई लापता



