
छपरा। छपरा में अपराधियों के हौसले बुलंद है। बेखौफ अपराधियों के द्वारा लगातार अपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। एक बार फिर अज्ञात अपराधियों के द्वारा एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है। जहां एक 8वीं कक्षा के छात्र की चाकू गोदकर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी गयी है। घटना भगवान बाजार थाना क्षेत्र के ब्रहम्पुर से सटे जलालपुर गांव की है। मृतक की पहचान भगवान बाजार थाना क्षेत्र के ब्रहम्पुर निवासी शिव कुमार राय के 14 वर्षीय पुत्र बादल कुमार के रूप में की गयी है।
वह आठवीं कक्षा का छात्र था, सरकारी विद्यालय में पढ़ता था। बादल कुमार अपने तीन भाईयों में सबसे बड़ा था। उसकी हत्या चाकू से दर्जनों बार वार की गयी है। अपराधियों के द्वारा पेट और सीने में चाकू मारी गयी है और गला रेतकर बेरहमी से हत्या की गयी है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि अपने पुराने घर ब्रहम्पुर से नया घर जलालपुर किसी काम से गया था। जिसके बाद वह घर नहीं लौटा तो यहां के लोग समझे कि जलालपुर हीं सो गया होगा और जलालपुर वाले परिवार के सदस्य समझे की वह ब्रहम्पुर चला गया।





लेकिन सुबह कहीं नहीं मिला तो खोजबीन शुरू की गयी। तभी सूचना मिली कि जलालपुर में किसी का शव मिला है। जिसके परिजन घटना स्थल पर पहुंचे तो देखा कि बादल कुमार का शव है। जिसके बाद परिजनों में चीख पुकार मच गया। इसके बाद इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गयी। घटना स्थल पर पहुंची भगवान बाजार थाने की पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच में जुट गयी है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी बिन्दुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
