
छपरा (नीरज शर्मा की रिपोर्ट) । सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में रविवार को पति-पत्नी की मौत की दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। परिवार के अनुसार, चेन्नई में रहकर काम कर रहे युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद उसकी पत्नी की भी घर में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पत्नी ने पति की मौत से संबंधित वीडियो कॉल देखने के बाद यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही घटना के सभी कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
मृतका की पहचान रसूलपुर गांव निवासी बबलू कुमार महतो की पत्नी सपना कुमारी (23 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सपना और बबलू की शादी करीब आठ से नौ माह पहले हुई थी। बबलू कुमार महतो पिछले लगभग पांच माह से चेन्नई में रहकर पेंटिंग का काम कर रहे थे।
घर में मिला महिला का शव
परिजनों के अनुसार, रविवार की सुबह घर में सपना कुमारी का शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। घटना के समय मृतका के ससुर शंभू महतो काम पर गए हुए थे, जबकि सास सीता देवी खेत में काम करने गई थीं। सीता देवी के अनुसार, जब वह घर लौटकर स्नान करने के लिए गईं तो घर की खिड़की से उन्होंने सपना का शव लटका हुआ देखा। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही अमनौर थाना अध्यक्ष बिमलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मढ़ौरा डीएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर मामले की जांच शुरू कर दी।
चेन्नई से आई बेटे की मौत की सूचना
इसी बीच परिवार को चेन्नई से सूचना मिली कि सपना कुमारी के पति बबलू कुमार महतो (25 वर्ष) की वहां मौत हो गई है। बबलू चेन्नई में पेंटिंग का काम करते थे।परिजनों के अनुसार, बबलू के पिता शंभू महतो को चेन्नई से फोन कर बेटे की मौत की सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद वह घर पहुंचे। घर पहुंचने पर उन्हें अपनी बहू की मौत की जानकारी मिली, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।एक ही दिन पति-पत्नी की मौत की खबर से परिजन सदमे में हैं। परिवार के लोगों की चीख-पुकार से गांव का माहौल गमगीन हो गया और आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
परिजनों ने वीडियो कॉल का किया दावा
मृतका की सास सीता देवी ने बताया कि शनिवार की शाम उनके बेटे बबलू का फोन आया था। बातचीत के दौरान उसने पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने को लेकर अपनी मां से शिकायत की थी। परिजनों के अनुसार, मां ने बेटे को घर आने के बाद इस मामले पर बात करने की बात कही थी।
परिवार का दावा है कि इसके बाद पति-पत्नी के बीच भी बातचीत हुई थी। रविवार की सुबह बबलू की चेन्नई में मौत की सूचना मिली।परिजनों के अनुसार, चेन्नई से किसी व्यक्ति ने वीडियो कॉल कर सपना कुमारी को बबलू की मौत से संबंधित दृश्य दिखाया था। इसके बाद सपना कुमारी की भी घर में मौत हो गई। हालांकि, वीडियो कॉल और उससे जुड़े सभी तथ्यों की पुलिस जांच कर रही है।
आठ-नौ माह पहले हुई थी शादी
परिवार के सदस्यों ने बताया कि बबलू कुमार महतो और सपना कुमारी की शादी करीब आठ से नौ माह पहले हुई थी। सपना कुमारी मूल रूप से बनियापुर थाना क्षेत्र के मछगरा गांव की रहने वाली थीं। उनके पिता का नाम तेरस महतो बताया गया है।परिवार के अनुसार, दोनों की शादी रिश्तेदारी के माध्यम से तय हुई थी। शादी के कुछ माह बाद ही बबलू रोजगार के लिए चेन्नई चले गए थे।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
एक ही दिन पति-पत्नी की मौत की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस दोनों मौतों से जुड़े परिस्थितियों की जांच कर रही है। चेन्नई में बबलू कुमार महतो की मौत किन परिस्थितियों में हुई और अमनौर में सपना कुमारी की मौत से पहले क्या-क्या घटनाक्रम हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही दोनों मामलों की परिस्थितियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- October 8, 2026छपरासारण में बाढ़ में ड्यूटी से गायब अफसर-कर्मियों पर गिरी गाज, प्रधान लिपिक निलंबित; FIR दर्ज करने का आदेश
- October 8, 2026क्राइमसारण में त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, QRT संभालेगी मोर्चा, संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर
- October 8, 2026बिहार‘बाहर से पानी नहीं ला सकते’ कहकर 50 रुपये में बेचा पानी, सिनेपॉलिस-कोका-कोला पर 85 हजार का जुर्माना
- October 8, 2026बिहारनोट गिनने के लिए बुलानी पड़ी मशीन! कार्यपालक अभियंता के 5 ठिकानों से 52.20 लाख कैश, 30 लाख के गहने बरामद



