Cold Wave Alert: सारण में कोल्ड वेव का कहर, येलो अलर्ट जारी, बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें
शीतलहर को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में

छपरा। सारण जिले में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर जिला प्रशासन ने येलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बिना अत्यंत आवश्यक कार्य के घर से बाहर न निकलें और ठंड से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार सरकार एवं बिहार मौसम सेवा केंद्र, पटना द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 19 दिसंबर 2025 से 22 दिसंबर 2025 तक राज्य के पश्चिमी एवं मध्य भागों सहित सारण जिले में घना कोहरा और भीषण शीतलहर (कोल्ड वेव) की स्थिति बने रहने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।
ठंड से बचाव को लेकर प्रशासन की एडवाइजरी
जिला प्रशासन, सारण ने शीतलहर के दौरान आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निम्नलिखित दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। विशेषकर बुजुर्ग, बच्चे और बीमार व्यक्ति घर के अंदर ही सुरक्षित रहें। यदि बाहर निकलना आवश्यक हो तो पूरे शरीर को ढकने वाले गर्म ऊनी कपड़े पहनें। सिर, कान, चेहरे, हाथ और पैरों को ढककर रखें । समाचार पत्र, रेडियो, टेलीविजन और सोशल मीडिया के माध्यम से मौसम की ताज़ा जानकारी लेते रहें। शरीर में ऊष्मा बनाए रखने के लिए पौष्टिक आहार और गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
बंद कमरों में लालटेन, दीया या कोयले की अंगीठी जलाते समय धुएं के निकास की समुचित व्यवस्था अवश्य करें। उपयोग के बाद इन्हें पूरी तरह बुझा दें।हीटर, ब्लोअर या अन्य विद्युत उपकरणों का प्रयोग करने के बाद स्विच ऑफ करना न भूलें, लापरवाही जानलेवा हो सकती है।शीतलहर के दौरान जिला प्रशासन द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की जा रही है, इसका लाभ उठाएं। उच्च रक्तचाप, मधुमेह और हृदय रोग से पीड़ित लोग चिकित्सकीय सलाह लेते रहें और धूप निकलने पर ही बाहर निकलें। किसी भी आपात स्थिति में नजदीकी सरकारी अस्पताल से तुरंत संपर्क करें। पशुओं को ठंड से बचाने के लिए गर्म रखने की उचित व्यवस्था करें। पशु बीमार होने पर पशु चिकित्सक से परामर्श लें।
आपात स्थिति में यहां करें संपर्क
किसी भी आपात स्थिति की सूचना जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, सारण को निम्न नंबरों पर दी जा सकती है—
📞 9473379233, 9110129998, 7485009731
☎️ 06152-245023
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, सावधानी बरतें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर स्वयं और अपने परिवार को शीतलहर से सुरक्षित रखें।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- October 6, 2026बिहारबिहार में 42.83 लाख परिवारों का पक्का घर पूरा, पीएम आवास योजना का 87.25% लक्ष्य हासिल
- October 6, 2026बिहारबिहार में अब नहीं होगा टेंडर घोटाला, ठेकेदार के साथ जिम्मेदार अफसरों पर भी गिरेगी गाज
- October 6, 2026TechnologyBSNL: गलत बिलिंग और सेवा में कमी पर BSNL को झटका, 6.69 लाख के बिल पर आयोग ने सुनाया बड़ा फैसला
- October 5, 2026क्राइमसारण में आर्म्स एक्ट मामले में दो दोषी करार, तीन अभियुक्त बरी; सजा के बिंदु पर 29 अक्टूबर को होगी सुनवाई



