सोनपुर में श्रावणी मेला को लेकर बड़ा बदलाव: पुराने गंडक पुल पर वाहनों की नो-एंट्री, सिर्फ कांवड़ियों के लिए रहेगा खुला पुल
30 जुलाई से 28 अगस्त तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू

छपरा/ सोनपुर। श्रावणी मेला-2026 के दौरान लाखों कांवड़ियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सोनपुर और हाजीपुर के बीच यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। पुराने गंडक पुल की वर्तमान स्थिति और कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने इस पुल पर सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। अब श्रावणी मेला अवधि में यह पुल केवल पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के लिए खुला रहेगा, जबकि सभी छोटे-बड़े वाहनों को नए गंडक पुल से होकर गुजरना होगा।
यह निर्णय कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, हाजीपुर द्वारा पुराने गंडक पुल के संयुक्त निरीक्षण के बाद प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर लिया गया है। रिपोर्ट में पुल की वर्तमान स्थिति को देखते हुए केवल हल्के उपयोग की अनुशंसा की गई थी। इसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हाजीपुर के साथ विचार-विमर्श कर नई यातायात व्यवस्था लागू की गई।
पुराने गंडक पुल पर वाहनों की नो-एंट्री
प्रशासन के अनुसार श्रावणी मेले के दौरान पहलेजा घाट एवं कालीघाट से जल भरकर बाबा हरिहरनाथ मंदिर के रास्ते बाबा गरीबनाथ मंदिर, मुजफ्फरपुर जाने वाले कांवड़ियों की संख्या काफी अधिक रहती है। इसे देखते हुए पुराने गंडक पुल पर सोनपुर से हाजीपुर और हाजीपुर से सोनपुर की ओर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में पुराने गंडक पुल का उपयोग केवल पैदल श्रद्धालु और कांवड़िए ही कर सकेंगे।
नए गंडक पुल से गुजरेंगे सभी वाहन
सोनपुर और हाजीपुर के बीच आवागमन करने वाले सभी हल्के वाहन नए गंडक पुल का उपयोग करेंगे। वहीं, यातायात का दबाव कम करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारी वाहनों के लिए अलग व्यवस्था लागू की गई है।
शुक्रवार से सोमवार तक भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध
प्रशासन ने बताया कि 30 जुलाई 2026 से 28 अगस्त 2026 तक श्रावण मास के प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार से सोमवार के बीच नए गंडक पुल पर भी हाजीपुर से सोनपुर तथा सोनपुर से हाजीपुर की ओर भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
इस दौरान श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रैफिक प्रबंधन लागू रहेगा।
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
छपरा से हाजीपुर जाने वाले भारी वाहन
छपरा → शीतलपुर (दिघवारा) → परसा → मकेर → रेवाघाट → बखरा चौक → वैशाली → लालगंज → अंजानपीर होते हुए हाजीपुर पहुंचेंगे। इन वाहनों को हाजीपुर शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
पटना से आने वाले भारी वाहन
महात्मा गांधी सेतु के रास्ते पटना से आने वाले भारी वाहन रामाशीष चौक की ओर नहीं जाएंगे। वे बीएसएनएल गोलंबर से फ्लाईओवर होते हुए अंजानपीर पहुंचेंगे। वहां से लालगंज → वैशाली → बखरा चौक → रेवाघाट → परसा → शीतलपुर होते हुए छपरा एवं मुजफ्फरपुर की ओर जाएंगे।
प्रशासन करेगा निगरानी
पूरी यातायात व्यवस्था के संचालन और निगरानी की जिम्मेदारी अनुमंडल पदाधिकारी हाजीपुर एवं सोनपुर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हाजीपुर एवं सोनपुर तथा अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात), वैशाली को सौंपी गई है। सभी प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
लोगों से सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने सभी वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें तथा यातायात पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन का कहना है कि आम लोगों के सहयोग से ही श्रावणी मेला-2026 का सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- September 26, 2026क्राइमChhapra News: मांझी में पुलिस की नाकेबंदी से पकड़ा गया पिकअप, 5 मवेशी बरामद; दो आरोपी दबोचे
- September 26, 2026Railway Updateछपरा-सीवान होकर दौड़ेगी सियालदह-गोरखपुर स्पेशल, त्योहारों में रेल यात्रियों को बड़ा सहारा
- September 26, 2026छपराChhapra Flood Alert: गंडक में बढ़ेगा पानी तो क्या होगा? सारण प्रशासन अलर्ट, तटबंधों की 24 घंटे निगरानी के निर्देश
- September 24, 2026Railway Updateत्योहारों में छपरा से कोलकाता का सफर होगा आसान, बनारस-कोलकाता के बीच चलेगी विशेष ट्रेन



