Traffic Route Plan: छपरा में रामनवमी जुलूस को लेकर सख्त ट्रैफिक प्लान, शहर में भारी वाहनों की एंट्री बंद
जाम से बचने के लिए प्रशासन का एक्शन प्लान

छपरा। रामनवमी एवं चैत्र नवरात्र के समापन अवसर पर निकलने वाले भव्य जुलूस और शोभायात्राओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने छपरा शहर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी है। जिलाधिकारी के आदेश आलोक में 27 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले श्रीराम जन्मोत्सव एवं रामनवमी शोभायात्रा के दौरान शहर में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसको लेकर सदर SDM नीतेश कुमार, एसडीपीओ रामपुकार सिंह और ट्रैफिक डीएसपी के द्वारा संयुक्त आदेश जारी किया गया है।
प्रशासन के अनुसार, 19 मार्च से प्रारंभ हुए चैत्र नवरात्र का समापन 27 मार्च को रामनवमी के दिन होगा। इस अवसर पर स्थापित कलश और प्रतिमाओं का विसर्जन जुलूस के रूप में किया जाएगा। साथ ही, शहर में श्रीराम जन्मोत्सव शोभायात्रा एवं रामनवमी शोभायात्रा समिति द्वारा बड़े जुलूस निकाले जाएंगे, जिन्हें देखने के लिए सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।
भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन
शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए प्रशासन ने ट्रक, बस एवं अन्य भारी वाहनों के आवागमन पर विशेष नियंत्रण लगाया है:
• जेपी सेतु-मांझी होकर छपरा आने वाले भारी वाहन अब बलिया मोड़-ताजपुर-एकमा ढाला मार्ग से जाएंगे, रिविलगंज की ओर प्रवेश नहीं करेंगे।
• सिवान एवं एकमा की ओर से आने वाले वाहन विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल, मेथवलिया बाईपास होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे।
• उमधा चौक से श्यामचक की ओर किसी भी भारी वाहन का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
• ब्रह्मपुर चौक से छपरा शहर में बस, ट्रक या अन्य बड़े वाहनों का प्रवेश नहीं होगा।
• पटना से आने वाले भारी वाहन मेथवलिया चौक तक ही आएंगे, शहर में प्रवेश वर्जित रहेगा।
• साढ़ा ढाला ओवरब्रिज के उत्तरी छोर से शहर की ओर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती
ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस पदाधिकारियों एवं बल की तैनाती की गई है। मांझी-बलिया मोड़, एकमा हाई स्कूल चौक, मेथवलिया बाईपास, जलालपुर चौक, रिविलगंज बाजार, ब्रह्मपुर चौक, उमधा चौक, मेथवलिया चौक, मठिया मोड़, साढ़ा ढाला ओवरब्रिज, गरखा बाजार, खैरा कृष्णा चौक और नगरा बाजार सहित कुल 14 प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
अधिकारियों को सख्त निर्देश
सभी प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे समय पर अपने स्थान पर पहुंचकर यातायात संचालन, भीड़ नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहें। वहीं संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क जाम न होने देने और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
यातायात प्रभारी को भी निर्देशित किया गया है कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर किसी भी स्थिति में जाम न लगने दें और आम लोगों को परेशानी से बचाने के लिए लगातार निगरानी बनाए रखें।
आम लोगों से अपील
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें, अनावश्यक रूप से शहर में भारी वाहनों का प्रवेश न करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि रामनवमी का पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
Author Profile

- अंकिता कुमारी पत्रकारिता की छात्रा हैं। वर्तमान में वह संजीवनी समाचार डॉट कॉम के साथ इंटर्नशिप कर रही हैं और समाचार लेखन व फील्ड रिपोर्टिंग में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई है।
Latest entries
पटनाApril 16, 2026बिहार में SVU टीम की बड़ी कार्रवाई, शिक्षा परियोजना के सहायक अभियंता को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते दबोचा
छपराApril 16, 2026सारण में दरोगा और बंदोबस्त पदाधिकारी समेत 8 के खिलाफ परिवाद दायर, नोटिस जारी
पटनाApril 16, 2026Political News: लालू यादव की डोर से बंधी है सम्राट की सत्ता
पटनाApril 16, 2026बिहार में होगी डिजिटल जन-गणना, 33 सवालों का देना होगा जवाब







