सारण में डिजिटल क्लासरूम की दिशा में बड़ा कदम, 115 नए विद्यालयों में ICT लैब की होगी स्थापना
बालिकाओं के लिए मोटिवेशनल सेशन

छपरा। सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने शिक्षा विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान डीएम ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि 15 दिनों के भीतर जिले के सभी विद्यालयों में संचालित कक्षाओं के अनुरूप अतिरिक्त वर्गकक्ष की आवश्यकता का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन विद्यालयों में पूर्व से निर्मित भवनों की ऊपरी मंजिल पर तकनीकी रूप से अतिरिक्त वर्गकक्ष निर्माण की संभावना है, वहां तकनीकी जांच कराकर प्रस्ताव भेजा जाए।
केजीबीवी में उपस्थिति पर सख्ती
समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) में छात्राओं के नामांकन एवं उपस्थिति की विद्यालय-वार समीक्षा की। इस दौरान इसुआपुर, मढ़ौरा और मशरख के केजीबीवी में छात्राओं की उपस्थिति तुलनात्मक रूप से असंतोषजनक पाई गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन विद्यालयों में छात्राओं के अभिभावकों से सीधे संपर्क स्थापित कर शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
बताया गया कि सभी केजीबीवी में शिक्षिकाओं एवं छात्राओं की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की जा रही है। जिलाधिकारी ने इसे पूरी तरह लागू और नियमित करने का निर्देश दिया।
बालिकाओं के लिए मोटिवेशनल सेशन
डीएम ने सभी केजीबीवी में अध्ययनरत बालिकाओं के ड्रीम शेपिंग और करियर मार्गदर्शन के लिए जिले में पदस्थापित महिला वरीय उप-समाहर्ता एवं अन्य वरीय महिला पदाधिकारियों के माध्यम से मोटिवेशनल सेशन आयोजित कराने का निर्देश दिया।
स्कॉलरशिप मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
जिलाधिकारी ने वर्ष 2024-25 के SC/ST स्कॉलरशिप से जुड़े लंबित मामलों को 10 दिनों के भीतर निष्पादित करने का निर्देश सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को दिया। साथ ही वर्ष 2025-26 के पोस्ट मैट्रिक BC/EBC एवं SC/ST स्कॉलरशिप कार्यों को भी तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
ICT लैब और स्मार्ट क्लास पर फोकस
बैठक में बताया गया कि जिले के 64 विद्यालयों में ICT लैब तथा 117 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास संचालित की जा रही है। इसके अतिरिक्त जिले के 115 चयनित माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में ICT लैब की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। डीएम ने ICT लैब के लिए समसामयिक कैरिकुलम तैयार करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
अपार (APAAR) आईडी निर्माण में तेजी
विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों का अपार (APAAR) आईडी निर्माण कार्य प्रगति पर है। अब तक लगभग 53 प्रतिशत छात्रों की अपार आईडी बनाई जा चुकी है। जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों में आधार कार्ड निर्माण हेतु विशेष कैम्प लगाने और इसके लिए रोस्टर तैयार करने का निर्देश दिया।
शिकायतों और उपयोगिता प्रमाण पत्र पर निर्देश
शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न स्रोतों से प्राप्त शिकायतों को श्रेणीवार सूचीबद्ध कर समयबद्ध निराकरण की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। सेवा से संबंधित मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर निपटाने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही सभी लंबित उपयोगिता प्रमाण पत्र अविलंब भेजने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) तथा सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी उपस्थित थे।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
छपराMay 24, 2026सारण में पोखरे में डूबने से छात्र की मौत, अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिलने पर हंगामा
क्राइमMay 24, 2026Robbery in Saran: सारण में दिनदहाड़े 18 लाख की लूट, हथियारबंद बदमाशों ने स्वर्ण व्यवसायी को बनाया निशाना
क्राइमMay 24, 2026Crime News Saran: ‘हम CBI से हैं…’ कहकर रोकी गाड़ी, फिर कट्टे के बल पर करोड़ों की लूट जैसी वारदात
करियर – शिक्षाMay 24, 2026BPSC अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी: मुफ्त में मिलेगी आवासीय कोचिंग की सुविधा







