सारण में ग्रामीण सड़कों पर अब नहीं दौड़ेंगे बालू लदे भारी वाहन, DM ने हाइट बैरियर लगाने का दिया आदेश
एक सप्ताह में कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश

छपरा। ग्रामीण सड़कों को भारी व्यावसायिक वाहनों से होने वाले नुकसान से बचाने और उनकी गुणवत्ता व उपयोगिता बनाए रखने के लिए सारण जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है। विशेष रूप से अवैध बालू परिवहन में इस्तेमाल होने वाले भारी वाहनों के ग्रामीण सड़कों पर परिचालन को नियंत्रित करने के लिए जिले में उपयुक्त स्थानों पर हाइट बैरियर लगाए जाएंगे। साथ ही जलजमाव, सड़क रखरखाव, नई सड़कों की प्राथमिकता तय करने तथा लंबित परियोजनाओं की बाधाओं को दूर करने के लिए भी व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
डीएम ने बुलायी बैठक
इन्हीं विषयों को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा निर्मित ग्रामीण सड़कों के संरक्षण, रखरखाव एवं भारी व्यावसायिक वाहनों के परिचालन को नियंत्रित करने संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक ग्रामीण कार्य विभाग के निर्देशों के आलोक में बुलाई गई थी।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण सड़कों का निर्माण ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जाता है, लेकिन भारी व्यावसायिक वाहनों, विशेषकर अवैध बालू परिवहन में लगे ट्रकों के लगातार परिचालन से इन सड़कों को समय से पहले क्षति पहुंच रही है। इसे रोकने के लिए प्रभावी और स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
Saran Crime News: छपरा में अधिवक्ता डबल मर्डर केस के गवाह पंकज यादव की गोली मारकर हत्या, भाई गंभीर
ग्रामीण सड़कों पर लगाया जायेगा हाइट बैरियर
उन्होंने ग्रामीण कार्य विभाग के चारों कार्य प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे स्थानों की पहचान करें, जहां हाइट बैरियर लगाए जा सकते हैं। तकनीकी परीक्षण के बाद इन स्थलों की सूची विभाग को भेजी जाएगी, ताकि आवश्यकतानुसार हाइट बैरियर स्थापित कर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके। इससे ग्रामीण सड़कों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और उनकी आयु भी बढ़ेगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हाल के वर्षों में निर्मित नई ग्रामीण सड़कों की सूची तैयार कर एक सप्ताह के भीतर उनकी प्राथमिकता तय करें। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता निर्धारण के दौरान संबंधित जनप्रतिनिधियों से भी सुझाव लिए जाएं, ताकि स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों का चयन हो सके।
सारण में बाढ़ से पहले प्रशासन अलर्ट! हेज़लपुर पहुंचे DM, 30 जून तक कटाव निरोधक कार्य पूरा करने का अल्टीमेटम
बैठक में सभी कार्यपालक अभियंताओं को अपने-अपने प्रमंडल की ग्रामीण कार्य विभाग के अधीन सभी सड़कों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि इन सड़कों की वास्तविक स्थिति का स्वतंत्र सत्यापन प्रखंड स्तर के अधिकारियों के माध्यम से कराया जाएगा, जिससे रखरखाव और मरम्मत की जरूरत वाले मार्गों की सही पहचान हो सके।
जल-जमाव वाले स्थलों की जियो टैग्ड फोटोग्राफी होगी
ग्रामीण क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सभी जलभराव वाले स्थलों की जियो-टैग्ड फोटोग्राफ सहित सूची तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर जल निकासी, नाला निर्माण और अन्य आवश्यक कार्यों की योजना बनाकर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान ग्रामीण सड़क परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण अथवा स्थानीय स्तर पर आ रही अन्य बाधाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि लंबित परियोजनाओं में बाधा उत्पन्न करने वाले सभी मामलों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराएं। इन समस्याओं का समाधान संबंधित अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी के समन्वय से प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।
बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग के सारण जिले के चारों कार्य प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंता सहित विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता, सुरक्षित उपयोग और दीर्घकालिक संरक्षण सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है तथा इस दिशा में सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- September 26, 2026क्राइमChhapra News: मांझी में पुलिस की नाकेबंदी से पकड़ा गया पिकअप, 5 मवेशी बरामद; दो आरोपी दबोचे
- September 26, 2026Railway Updateछपरा-सीवान होकर दौड़ेगी सियालदह-गोरखपुर स्पेशल, त्योहारों में रेल यात्रियों को बड़ा सहारा
- September 26, 2026छपराChhapra Flood Alert: गंडक में बढ़ेगा पानी तो क्या होगा? सारण प्रशासन अलर्ट, तटबंधों की 24 घंटे निगरानी के निर्देश
- September 24, 2026Railway Updateत्योहारों में छपरा से कोलकाता का सफर होगा आसान, बनारस-कोलकाता के बीच चलेगी विशेष ट्रेन



