सारण को मिली बिजली की तीन बड़ी परियोजनाओं की सौगात, जेपी के गांव में जलेगी विकास की नई रोशनी
4 हजार परिवारों को मिलेगा पीएम सूर्यघर योजना का लाभ

छपरा। सारण जिले की विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में रविवार को बड़ी पहल हुई। राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा ऊर्जा क्षेत्र की 1278 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण एवं कार्यारंभ किया गया। इस दौरान सारण जिले से जुड़ी कई महत्वपूर्ण विद्युत परियोजनाओं को भी नई गति मिली, जिससे जिले के लाखों उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलने की उम्मीद है।
राजधानी पटना में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला मुख्यालय छपरा में भी किया गया। कार्यक्रम में सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, विद्युत विभाग के अधिकारी तथा कुटीर ज्योति योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।
Saran Crime News: सारण में अपराध की साजिश नाकाम, पुलिस ने हथियार साथ तीन बदमाशों को पकड़ा
सिताब दियारा को मिली बड़ी राहत
कार्यक्रम के दौरान रिविलगंज प्रखंड अंतर्गत सिताब दियारा 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्र का लोकार्पण किया गया। लंबे समय से बेहतर विद्युत आपूर्ति की मांग कर रहे इस क्षेत्र के लोगों को अब इसका सीधा लाभ मिलेगा।
नए उपकेंद्र के चालू होने से सिताब दियारा और आसपास के गांवों में वोल्टेज की समस्या कम होगी तथा उपभोक्ताओं को अधिक गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जा सकेगी।
नई ट्रांसमिशन लाइन से बढ़ेगी बिजली आपूर्ति की क्षमता
सारण जिले के लिए एक अन्य महत्वपूर्ण परियोजना 132 केवी छपरा-एकमा-रघुनाथपुर सिंगल सर्किट संचरण लाइन का उद्घाटन भी किया गया। लगभग 77 सर्किट किलोमीटर लंबी इस लाइन के शुरू होने से विद्युत संचरण तंत्र की क्षमता और विश्वसनीयता में वृद्धि होगी।
विशेषज्ञों के अनुसार इस परियोजना से बिजली आपूर्ति में तकनीकी बाधाएं कम होंगी और भविष्य में बढ़ती मांग को पूरा करने में भी मदद मिलेगी।
छपरा को जलजमाव मुक्त बनाने की कवायद तेज, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
मांझी में सौर ऊर्जा परियोजना का लोकार्पण
हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत मांझी में सौर ऊर्जा परियोजना का भी लोकार्पण किया गया। यह परियोजना जिले में नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देगी और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करेगी।
ऊर्जा विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में ऐसी परियोजनाएं बिजली उत्पादन के पारंपरिक स्रोतों पर निर्भरता कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
4 हजार परिवारों को मिलेगा पीएम सूर्यघर योजना का लाभ
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत राज्यभर में 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की योजना का भी शुभारंभ किया गया।
सारण जिले के लगभग 4 हजार कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। पात्र लाभार्थियों के घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे, जिससे उन्हें सस्ती और स्वच्छ बिजली उपलब्ध होगी। साथ ही मासिक बिजली खर्च में भी कमी आएगी।
ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता सारण
जिले में नई विद्युत परियोजनाओं के शुरू होने से न केवल बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि कृषि, व्यापार और छोटे उद्योगों को भी लाभ मिलेगा। सिताब दियारा उपकेंद्र, नई ट्रांसमिशन लाइन और मांझी सौर परियोजना सारण को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण कड़ियां साबित हो सकती हैं।
विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा प्रभाव में आने के बाद जिले में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- August 13, 2026क्राइमChhapra Crime News: रात में घरों की रेकी, नंबर प्लेट बदलकर देते थे वारदात को अंजाम, लाखों के जेवर के साथ दो गिरफ्तार
- August 13, 2026करियर – शिक्षाBihar Police Exam: सारण में सिपाही भर्ती परीक्षा में लापरवाही पर 6 वीक्षक निलंबित, फ्रिस्किंग में नियमों की अनदेखी पड़ी भारी
- August 13, 2026क्राइमSaran Court News: सारण में हत्या के प्रयास के दोषी को 10 साल जेल, 25 हजार का अर्थदंड
- August 12, 2026छपरासारण के तीन थानों में नये SHO की पोस्टिंग, SSP ने सौंपी नए अफसरों को कमान



