छपरा। छपरा के चर्चित एएनएम अंजली कुमारी प्रकरण (ANM Anjali’s death case) में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। मुजफ्फरपुर रेल जिला की वरीय पुलिस अधीक्षक (रेल एसपी) वीणा कुमारी ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गैंगरेप (सामूहिक दुष्कर्म) की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट मंगाई गई है, जिसके आधार पर अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा।
रेल एसपी वीणा कुमारी ने छपरा जंक्शन स्थित जीआरपी थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि मृतका के पिता जितेंद्र राय के आवेदन पर मेडिकल बोर्ड के माध्यम से दूसरी बार पोस्टमार्टम कराया गया, लेकिन उसमें भी दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा कि दुष्कर्म की घटना हुई थी या नहीं।
2-3 दिन में हो सकता है मामले का खुलासा
रेल एसपी ने दावा किया कि दो से तीन दिनों के भीतर इस पूरे मामले का पटाक्षेप किया जा सकता है। फिलहाल सभी साक्ष्यों का आपसी मिलान किया जा रहा है, ताकि यह तय किया जा सके कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का।
CCTV, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की रिपोर्ट का मिलान
वीणा कुमारी ने बताया कि जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट और डॉग स्क्वॉड रिपोर्ट को एक-दूसरे से मिलाया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह सामने आया है कि अंजली को रात के समय अपने क्वार्टर से निकलकर रेलवे लाइन की ओर जाते हुए देखा गया है। इस संबंध में आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा चुकी है।
रेलवे ट्रैक से मिला था शव
गौरतलब है कि 26 दिसंबर को पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंक्शन के समीप बूढ़िया माई मंदिर के पास रेलवे ट्रैक से एक युवती का सिर कटा शव बरामद हुआ था। उस समय शव की पहचान नहीं होने पर राजकीय रेल पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया था। बाद में शव की पहचान एकमा थाना क्षेत्र निवासी जितेंद्र राय की 24 वर्षीय पुत्री अंजली कुमारी के रूप में हुई।
FIR दर्ज, डॉक्टर समेत कई नामजद
शव की पहचान के बाद मृतका के पिता के बयान पर श्रेया इमरजेंसी हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार, कंपाउंडर अखिलेश कुमार और फिरोज के खिलाफ दुष्कर्म कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया गया। इसके बाद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
हर पहलू पर चल रही बारीकी से जांच
रेल एसपी ने दो टूक कहा कि फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। सभी तकनीकी और वैज्ञानिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- October 25, 2026छपराAtal Ghat Chhapra: अटल घाट बनेगा आस्था और सुकून का नया ठिकाना! बनेगा वॉकिंग ट्रैक, रोशनी और हरियाली से निखरेगा परिसर
- October 25, 2026छपराSonpur Mela: सोनपुर मेला में बनेगा 500 अस्थायी शौचालय, व्यवस्थित पार्किंग और जाम से निपटने की तैयारी
- October 23, 2026Technologyमलेशिया में Airtel की रोमिंग फेल, पटना में कंपनी पर लगा ₹1.25 लाख का हर्जाना
- October 23, 2026छपरासारण में पटाखों की बिक्री पर सख्ती! ग्रीन पटाखों को ही मिल सकती है मंजूरी, रात 8 से 10 बजे तक आतिशबाजी



