
पटना (बिहार)। बिहार विधानसभा चुनाव अभियान के बीच गुरुवार (30 अक्टूबर) को मोकामा में बड़ा बवाल हो गया। जनसुराज के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के काफिले पर हमला हुआ, जिसमें उनके साथ चल रहे राजद नेता दुलारचंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना घोसवारी थाना क्षेत्र के बदलूचक गांव के पास हुई। हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।
कैसे हुई घटना
जानकारी के अनुसार, जनसुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी का काफिला मोकामा से प्रचार कर लौट रहा था। उसी रास्ते से पूर्व विधायक अनंत सिंह का काफिला भी गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों काफिले आमने-सामने आने के दौरान कथित तौर पर अनंत सिंह के समर्थक वाहनों से उतरे और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
एक चश्मदीद ने बताया, “हम लोग पीयूष प्रियदर्शी के काफिले की 10वीं गाड़ी में थे। सामने से अनंत सिंह का काफिला आया। दोनों काफिले गुजरते ही अनंत सिंह के समर्थकों ने प्रियदर्शी की गाड़ी पर हमला शुरू कर दिया। गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए और लाठी-डंडों से तोड़फोड़ की गई। इस दौरान भगदड़ मच गई।”
इसी बीच जब राजद नेता दुलारचंद यादव ने देखा कि पीयूष प्रियदर्शी पर हमला हो रहा है, तो वे गाड़ी से उतरे और बीच-बचाव करने लगे। तभी उन पर गोली चला दी गई। गोली उनके पैर में लगी, लेकिन चश्मदीदों के अनुसार उसके बाद उनपर गाड़ी चढ़ा दी गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जनसुराज का आरोप
जनसुराज के नेताओं ने आरोप लगाया है कि यह हमला अनंत सिंह के समर्थकों द्वारा सुनियोजित तरीके से किया गया। जनसुराज की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “हमारे प्रत्याशी के काफिले पर जानलेवा हमला किया गया। दुलारचंद यादव को गोली मार दी गई। यह लोकतंत्र पर हमला है।”
हालांकि जनसुराज ने यह भी स्पष्ट किया कि दुलारचंद यादव पार्टी के सदस्य नहीं थे, बल्कि मोकामा में जनसुराज उम्मीदवार के प्रचार में सहयोग कर रहे थे।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पटना ग्रामीण SP विक्रम सिहाग, SDPO अभिषेक सिंह और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया, “जनसुराज की ओर से आरोप लगाया गया है कि हमारे समर्थक पर गाड़ी चढ़ा दी गई। बदलूचक गांव के पास दोनों गुटों में झड़प हुई है। जांच जारी है। आवेदन मिलते ही FIR दर्ज की जाएगी।”
पुलिस ने मौके पर FSL टीम को बुलाया है। इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
माहौल तनावपूर्ण, जांच जारी
घटना के बाद मोकामा और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। पुलिस ने दोनों काफिलों के रूट की CCTV फुटेज और मोबाइल वीडियो खंगालना शुरू कर दिया है। जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि हमला किसने किया और गोली किसने चलाई।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- October 23, 2026Technologyमलेशिया में Airtel की रोमिंग फेल, पटना में कंपनी पर लगा ₹1.25 लाख का हर्जाना
- October 23, 2026छपरासारण में पटाखों की बिक्री पर सख्ती! ग्रीन पटाखों को ही मिल सकती है मंजूरी, रात 8 से 10 बजे तक आतिशबाजी
- October 23, 2026छपराChhapra Job Alert: छपरा में 3 नवंबर को लगेगा रोजगार मेला, 10वीं पास से बीटेक डिग्रीधारकों तक को मिलेगा मौका
- October 23, 2026छपरासारण शिक्षक चुनाव में जन सुराज प्रत्याशी आफाक अहमद पर FIR, आचार संहिता उल्लंघन का आरोप



