
छपरा। जिले के अमनौर थाना क्षेत्र में एक पांचवीं कक्षा के छात्र की हत्या के बाद लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने भेलदी चौक के पास NH-722 को जाम कर दिया। देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए और गुस्साई भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इस दौरान कई पुलिस वाहनों के शीशे टूट गए, जबकि एक पुलिस गाड़ी को पलट दिया गया। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे से इलाके में अफरातफरी मची रही।
जानकारी के अनुसार, रविवार (11 जनवरी) को अमनौर थाना क्षेत्र से लापता पांचवीं कक्षा के छात्र का शव बरामद हुआ था। मृतक 31 दिसंबर 2025 की शाम से लापता था। शव मिलने के बाद से ही परिजन और ग्रामीण लगातार आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे, लेकिन कार्रवाई में देरी से लोगों का आक्रोश बढ़ता गया।
NH-722 पर उतरे सैकड़ों लोग
सोमवार को करीब 100 से अधिक लोग भेलदी चौक के पास सड़क पर उतर आए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि उनके बच्चे की हत्या कर दी गई, लेकिन पुलिस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।
धक्का-मुक्की के बाद बिगड़े हालात
सूचना मिलने पर डीएसपी नरेश पासवान और सदर एसडीओ निधि राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। पुलिस द्वारा हल्का बल प्रयोग किए जाने के बाद भीड़ और उग्र हो गई। गुस्साए लोगों ने पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडे चलाए और पथराव शुरू कर दिया। कई पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
करीब तीन घंटे के हंगामे के बाद वरिष्ठ अधिकारियों की पहल पर स्थिति को नियंत्रित किया गया। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया।
जांच और गिरफ्तारी का भरोसा
प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। बच्चे के लापता होने से लेकर हत्या तक की पूरी कड़ी को जोड़ते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है।
दो दिन पहले मिला था शव
मृतक शिवम कुमार, मंदरौली मिडिल स्कूल में पांचवीं कक्षा का छात्र था। वह सात बहनों में इकलौता भाई था। परिजनों के अनुसार, 31 दिसंबर की शाम शिवम घर के पास खेल रहा था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद अमनौर थाना में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
जांच के दौरान रविवार शाम घर से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में शिवम का शव बरामद हुआ। शव की पहचान उसकी छोटी बहन मोनी ने कपड़ों के आधार पर की। शव की हालत देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई।
सिर कुचला, साक्ष्य मिटाने की आशंका
पुलिस के मुताबिक शव से बदबू नहीं आ रही थी और न ही जंगली जानवरों के नोचने के निशान थे। बच्चे का सिर कुचला हुआ था, लेकिन घटनास्थल पर खून के धब्बे नहीं मिले। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और कर शव को साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से यहां फेंका गया।
मृतक के पिता राजन गुप्ता, जो छोटे व्यवसायी हैं, ने बताया कि शिवम उनका इकलौता चिराग था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजन और ग्रामीण जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में ठोस सुराग जुटाए जा रहे हैं और जल्द खुलासा किया जाएगा।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- September 24, 2026क्राइमSamastipur Video Viral: समस्तीपुर में नाबालिग से छेड़खानी का वीडियो वायरल, 6 घंटे में चार आरोपी पुलिस गिरफ्त में
- September 24, 2026बिहारPitru Paksha Mela: गयाजी पहुंचते ही नहीं भटकेंगे पिंडदानी, ऐप बताएगा पूजा से पार्किंग और अस्पताल तक का रास्ता
- September 24, 2026क्राइमChhapra Crime News: सारण पुलिस ने दुष्कर्म कांड के फरार नामजद अभियुक्त को किया गिरफ्तार
- September 24, 2026करियर – शिक्षाBihar University: पटना में माता सीता महिला विश्वविद्यालय और बेगूसराय में रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय की होगी स्थापना



