क्रिकेटर आकाश दीप और मुकेश सिंह बने DSP, बिहार सरकार ने 161 खिलाड़ियों को दी सरकारी नौकरी
'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना से मिली सरकारी नौकरी

Bihar Medal Lao Naukri Pao Yojana। खेल प्रतिभाओं को सम्मान, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य देने की दिशा में बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना असर दिखाने लगी है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को अब उनकी उपलब्धियों का प्रतिफल सरकारी नौकरी के रूप में मिल रहा है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के दौरान इस योजना के तहत 161 खिलाड़ियों को विभिन्न सरकारी विभागों में सीधी नियुक्ति प्रदान की गई है। इनमें भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर नियुक्त किया जाना सबसे अधिक चर्चा का विषय बना हुआ है।
राज्य सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य खिलाड़ियों को केवल पुरस्कार देना नहीं, बल्कि उन्हें आर्थिक सुरक्षा, सामाजिक सम्मान और स्थायी करियर उपलब्ध कराना है, ताकि वे भविष्य की चिंता से मुक्त होकर देश और राज्य के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
आकाश दीप और मुकेश कुमार को मिली डीएसपी की जिम्मेदारी
‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार को उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर सीधी नियुक्ति दी गई है। दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बिहार का गौरव बढ़ाया है। उनकी नियुक्ति से राज्य के अन्य खिलाड़ियों को भी नई प्रेरणा मिली है।
161 खिलाड़ियों को मिली सरकारी सेवा का अवसर
योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले 161 खिलाड़ियों को उनकी योग्यता और उपलब्धियों के अनुरूप विभिन्न सरकारी पदों पर नियुक्ति दी गई है।
- पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी)
- पुलिस अवर निरीक्षक (दरोगा)
- पंचायती राज पदाधिकारी
- अन्य उपयुक्त राजपत्रित एवं अराजपत्रित पद
सरकार का मानना है कि खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के अनुरूप सम्मानजनक सरकारी सेवा प्रदान करने से खेलों के प्रति युवाओं का आकर्षण बढ़ेगा और खेलों को करियर के रूप में अपनाने का विश्वास मजबूत होगा।
खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में व्यापक पहल
बिहार सरकार खेलों के समग्र विकास के लिए लगातार कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। राज्य में खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खेल अवसंरचना का विस्तार किया जा रहा है। इसके साथ ही खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, खेल छात्रावास, आधुनिक उपकरण, अनुभवी प्रशिक्षकों की सुविधा तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
सरकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि और विभिन्न पुरस्कारों से भी सम्मानित कर रही है, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है।
युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी योजना
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि सरकारी नौकरी मिलने से खिलाड़ियों को आर्थिक स्थिरता मिलेगी और अभिभावकों का भी खेलों के प्रति भरोसा बढ़ेगा। इससे अधिक से अधिक युवा खेलों को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित होंगे। यह पहल बिहार में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य की भागीदारी को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक होगी।
खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने क्या कहा
बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि कोई भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी संसाधनों या भविष्य की चिंता के कारण पीछे न रह जाए।
“बिहार सरकार का संकल्प है कि राज्य का कोई भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी संसाधनों या भविष्य की चिंता के कारण पीछे न रह जाए। ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना खिलाड़ियों के सम्मान और उनके सुरक्षित भविष्य की मजबूत आधारशिला है। हमारा लक्ष्य बिहार को देश के अग्रणी खेल राज्यों में स्थापित करना है।”
खिलाड़ियों के भविष्य को मिलेगी नई उड़ान
‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना बिहार सरकार की उन महत्वपूर्ण पहलों में शामिल है, जो खिलाड़ियों को केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें सम्मानजनक रोजगार और सुरक्षित भविष्य भी प्रदान करती है। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से राज्य में खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिलेगी और आने वाले वर्षों में बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर और अधिक पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाएंगे।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- August 27, 2026क्राइमChhapra News: पड़ोसियों से विवाद पड़ा भारी, मारपीट के 9 दिन बाद महिला की मौत, हत्या मामले में तीन गिरफ्तार
- August 27, 2026क्राइमChhapra Court: साढ़े पांच साल जेल में काटे, अब मिली बेगुनाही की आजादी; बेटे की हत्या के आरोप से बाइज्जत बरी हुई बबली खातून
- August 27, 2026क्राइमChhapra Crime News: सारण का कुख्यात ‘टाइगर’ आखिरकार पुलिस के शिकंजे में, STF ने रचा गिरफ्तारी का जाल
- August 27, 2026छपरासारण में जयप्रभा सेतु से उफनती सरयू नदी में कूदी इंजीनियरिंग की छात्रा, तेज धारा में बहकर हुई लापता



