
छपरा: सारण जिले के खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खोदाईबाग गांव में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में दो महिलाओं की मौत से सनसनी फैल गई। मृतक महिलाएं आपस में देवरानी-जेठानी थीं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं मायके पक्ष ने दोनों की गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है, जहां मेडिकल बोर्ड के गठन के बाद पोस्टमार्टम कराया गया है।
मृत महिलाओं की पहचान खोदाईबाग गांव निवासी मोहन सिंह की 27 वर्षीय पत्नी ज्योति कुमारी तथा नागा सिंह की 22 वर्षीय पत्नी प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। दोनों मृतक महिलाएं सगे भाइयों की पत्नियां थीं। ज्योति कुमारी परसा थाना क्षेत्र के मारड़ गांव निवासी उपेंद्र सिंह की पुत्री थीं, जबकि प्रीति कुमारी अमनौर थाना क्षेत्र के गोसी अमनौर निवासी मधुसूदन प्रसाद की पुत्री बताई गई हैं।
दहेज और प्रताड़ना का आरोप
मायके पक्ष का आरोप है कि दोनों महिलाओं को लंबे समय से दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि शुक्रवार को दोनों की गला दबाकर हत्या कर दी गई और इसे सामान्य मौत का रूप देने की कोशिश की गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे, जहां दोनों महिलाओं के शव घर में पड़े मिले।
घटना के बाद घर छोड़कर फरार हुए परिजन
स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के समय गांव में एक बारात आई हुई थी और परिवार के अधिकांश पुरुष सदस्य बारात में गए हुए थे। घर पर केवल दोनों महिलाएं और उनकी सास मौजूद थीं। घटना सामने आने के बाद ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
ग्रामीणों का कहना है कि परिवार में अक्सर विवाद और झगड़े होते रहते थे। आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक कलह के कारण ही यह घटना हुई हो सकती है। हालांकि पुलिस फिलहाल हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
मेडिकल बोर्ड करेगा पोस्टमार्टम
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा दोनों शवों के पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है। सदर अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम पोस्टमार्टम कर रिपोर्ट तैयार करेगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
पुलिस जांच में जुटी
खैरा थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा फरार ससुराल पक्ष की तलाश में छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
क्राइमJune 24, 2026Bharat Tiwari: भरत तिवारी मुठभेड़ मामले में बड़ा फैसला, रिटायर्ड हाईकोर्ट जज करेंगे जांच
छपराJune 24, 2026सारण के अमनौर बाईपास सड़क परियोजना के भूमि अधिग्रहण में आयेगी तेजी, विशेष कैंप में रैयतों को मिलेगा मुआवजा
बिहारJune 24, 2026Khas Mahal Ki Jamin: खास महाल की जमीन पर दशकों से रह रहे लोगों को मिलेगा मालिकाना हक, 30 हजार परिवारों को मिलेगा भूमि पर्चा
TechnologyJune 24, 2026BSNL Recharge Offer: BSNL का ₹225 वाला प्लान बना चर्चा का विषय, कम कीमत में 75GB डेटा और अनलिमिटेड कॉलिंग







