सारण के 9 प्रखंडों में खुलेगा उच्च शिक्षा का द्वार, 1 जुलाई से शुरू होंगी डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई
कॉलेज विहीन प्रखंडों के छात्रों को अब घर के पास मिलेगी स्नातक शिक्षा

छपरा। सारण जिले के हजारों छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा अब दूर का सपना नहीं रहेगी। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘सात निश्चय-3’ के अंतर्गत “उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य” संकल्प को धरातल पर उतारते हुए जिले के उन सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है, जहां अब तक एक भी डिग्री कॉलेज उपलब्ध नहीं था। जिला प्रशासन ने निर्णय लिया है कि तरैया, मकेर, एकमा, दरियापुर, मढ़ौरा, मशरक, लहलादपुर, पानापुर एवं इसुआपुर प्रखंडों में आगामी 1 जुलाई 2026 से डिग्री कॉलेजों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
कॉलेजों की शुरुआत फिलहाल तात्कालिक व्यवस्था के तहत चिन्हित सरकारी भवनों में की जाएगी, जबकि भविष्य में इनके लिए स्थायी आधारभूत संरचना विकसित की जाएगी। इस पहल से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए लंबी दूरी तय करने की मजबूरी से राहत मिलेगी।
Crime News Saran: सारण में बाइक चोरी के संगठित नेटवर्क का खुलासा, पुलिस ने 5 चोरों को दबोचा
जिलाधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा
कॉलेज संचालन की तैयारियों की समीक्षा को लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि 1 जुलाई से शैक्षणिक गतिविधियां हर हाल में प्रारंभ होनी चाहिए।
जयप्रकाश विश्वविद्यालय ने नामित किए प्राचार्य
नए कॉलेजों के संचालन को सुचारू बनाने के लिए जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा ने सभी नौ डिग्री कॉलेजों के लिए प्राचार्यों का नामांकन कर दिया है। प्राचार्यों की नियुक्ति के साथ ही शैक्षणिक एवं प्रशासनिक तैयारियों को गति मिल गई है।
20 जून तक पूरा होगा भवनों का कायाकल्प
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने प्रखंडवार भवनों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (एलएईओ) को निर्देश दिया कि सभी चिन्हित भवनों में आवश्यक मरम्मत, रंग-रोगन, विद्युत व्यवस्था, शुद्ध पेयजल एवं छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था 20 जून तक हर हाल में पूरी कर ली जाए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसलिए गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
25 जून तक उपलब्ध होगा फर्नीचर
कॉलेजों में पठन-पाठन शुरू होने से पहले आवश्यक फर्नीचर एवं अन्य सामग्रियों की व्यवस्था भी की जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि बेंच-डेस्क, टेबल, कुर्सियां, अलमारी, बुक शेल्फ तथा अन्य आवश्यक उपभोज्य सामग्रियों की खरीद प्रक्रिया चल रही है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि 25 जून तक सभी कॉलेजों में फर्नीचर एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा दिए जाएं, ताकि कक्षाओं के संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष जोर
कॉलेज परिसरों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए सफाईकर्मियों की प्रतिनियुक्ति तथा सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए गृह रक्षकों (होमगार्ड) की तैनाती की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रशासन का प्रयास है कि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराया जाए।
अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूरा करने का निर्देश
बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन के कार्यपालक अभियंता, जिला लेखा पदाधिकारी, वाणिज्य कर संयुक्त आयुक्त, नजारत उप समाहर्ता सहित शिक्षा एवं निर्माण कार्यों से जुड़े सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। वहीं सभी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि 1 जुलाई से जिले के सभी नए डिग्री कॉलेजों में निर्बाध रूप से शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो सके।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- July 14, 2026बिहारPatna Helicopter Joy Ride: अब बिहार की वादियों और विरासत का हवाई सफर, हेलिकॉप्टर सेवा शुरू होते ही सीटें फुल
- July 14, 2026छपराRation Card: सारण में राशन कार्ड से वंचित परिवारों की होगी घर-घर तलाश, 49 हजार से अधिक बनेगा नया राशन कार्ड
- July 14, 2026छपरासारण में मनरेगा योजनाओं में भ्रष्टाचार पर DDC का बड़ा एक्शन, मुखिया और BDC समेत 7 पर FIR दर्ज
- July 14, 2026छपराछपरा में बुजुर्गों के लिए बड़ी सौगात: 70 वर्ष से अधिक आयु वालों का होगा पूरी तरह निशुल्क इलाज



