ये प्रयागराज है…मिलिए महाकुंभ के इस एंथम सॉन्ग के लेखक से, कलम के हैं जादुगर

उत्तर प्रदेश भोजपुरी
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

प्रयागराज। प्रथम यज्ञ भूखंड धरा पे, आर्य का आगाज है, ये पावन संगम की धरती, ये प्रयागराज है… ये प्रयागराज है…यह गाना आज हर जुबान पर, हर रील में है। महाकुंभ से जुड़े लगभग 95 प्रतिशत वीडियो में यह गाना आपको सुनने को मिल जाएगा। हो सकता है कि आपने भी अपनी रील को इस गाने के साथ मिक्स किया हो, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस गाने का लेखक कौन है।

प्रयागराज फिल्म से है गाना

प्रयागराज फिल्म साल 2023 में रिलीज हुई थी। फिल्म को दर्शकों ने भरपूर प्यार तो दिया ही, लेकिन फिल्म के गाने को उससे भी ज्यादा प्यार मिल रहा है। प्रयागराज फिल्म के इस गाने …ये प्रयागराज है…को हिंदी और भोजपुरी इंडस्ट्री के जाने-माने लेखक राजेश पाण्डेय ने लिखा है। बता दें कि इस फिल्म में अरविन्द अकेला कल्लू मुख्य भूमिका में हैं।

महाकुंभ की पहचान बन गया गाना …ये प्रयागराज है…

फिल्म प्रयागराज का टाइटल ट्रैक ‘ये तीर्थराज प्रयागराज है’ इन दिनों पूरे देश में बज रहा है। अब तो यह महाकुंभ का एंथम सॉन्ग बन चुका है। इसे यूट्यूब पर 1 करोड़ से अधिक व्यूज मिले हैं। इसके अलावा करोड़ों रील्स और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

प्रयाग का शाब्दिक अर्थ है यज्ञ

गाने के गीतकार राजेश पाण्डेय ने इसे खासतौर पर प्रयागराज के पौराणिक महत्व और महाकुंभ को ध्यान में रखते हुए लिखा था। धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, प्रयागराज को तीर्थराज कहा जाता है, जिसका अर्थ है ‘तीर्थों का राजा’। ‘प्रयाग’ शब्द का अर्थ पहला यज्ञ होता है, जिसे भगवान ब्रह्मा ने यहीं संपन्न किया था। फिल्म प्रयागराज को दर्शकों ने खूब सराहा, लेकिन इस गाने ने उससे भी अधिक लोकप्रियता हासिल की। प्रयागराज फिल्म के इस गाने को आलोक कुमार ने अपनी मधुर आवाज़ में गाया है, जबकि इसका संगीत ओम झा ने तैयार किया है। फिल्म का निर्देशन चंदन उपाध्याय ने किया है।

राजेश पाण्डेय के गीतों का जादू

राजेश पाण्डेय भोजपुरी इंडस्ट्री के सबसे प्रतिष्ठित नामों में शुमार हैं। उनका लेखन न सिर्फ कहानियों पटकथा और संवादों तक सीमित है, बल्कि वह एक शानदार गीतकार भी हैं।

उनके द्वारा लिखे गए कुछ चर्चित गानों में शामिल हैं:

 ‘सौतन जर मरे’ (देसवा) – इस गाने को सुनिधी चौहान ने अपनी दमदार आवाज़ में गाया था और यह सुपरहिट साबित हुआ।

 ‘हर हर गंगे’ (हर हर गंगे) – पवन सिंह द्वारा गाया गया यह टाइटल ट्रैक भक्तिमय और ऊर्जावान संगीत का शानदार उदाहरण है।

राजेश पाण्डेय, बिहार के छपरा जिले से आते हैं और पिछले 15 वर्षों से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। उन्होंने अपनी लेखनी से कई सुपरहिट फिल्में और गाने दिए हैं, जो दर्शकों और श्रोताओं के दिलों में बस चुके हैं।

‘संकट मोचन हनुमान’ – एक और भव्य फिल्म

राजेश पाण्डेय की रचनात्मक यात्रा यहीं नहीं रुकती। उनकी अगली फिल्म ‘संकट मोचन हनुमान’ जल्द ही दर्शकों के सामने आने वाली है।

 मुख्य भूमिका: इस फिल्म में भोजपुरी सुपरस्टार अरविंद अकेला कल्लू मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।

निर्देशन: फिल्म का निर्देशन एक बार फिर चंदन उपाध्याय कर रहे हैं।

 संगीत: फिल्म के गानों को ओम झा ने संगीतबद्ध किया है।

इस तिकड़ी – राजेश पाण्डेय (लेखन), चंदन उपाध्याय (निर्देशन), और ओम झा (संगीत) ने पहले भी कई हिट प्रोजेक्ट्स दिए हैं, और अब संकट मोचन हनुमान के जरिए एक बार फिर धमाल मचाने को तैयार हैं।

राजेश पाण्डेय भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी लेखनी से नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। उनके लिखे गीत और कहानियां न सिर्फ व्यावसायिक रूप से सफल हो रही हैं, बल्कि दर्शकों के दिलों में भी गहरी छाप छोड़ रही हैं। “के बनी करोड़पति” का लेखन भी राजेश पाण्डेय ने किया था, जिसे शत्रुघ्न सिन्हा ने होस्ट किया था।