ताप्ती गंगा एक्सप्रेस ट्रेन का दिघवा-दुबौली स्टेशन पर ठहराव शुरू, शिक्षा मंत्री ने दिखायी हरी झंडी
अब दिघवा दुबौली से मिलेगी सूरत तक सीधी रेल सुविधा

छपरा। गोपालगंज और सारण के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब सूरत-थावे-सूरत ताप्ती गंगा एक्सप्रेस का ठहराव छपरा कचहरी-थावे रेलखंड के दिघवा दुबौली स्टेशन पर भी होगा। मंगलवार की शाम बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी और गोपालगंज सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने हरी झंडी दिखाकर इस नई सुविधा का शुभारंभ किया।
ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। वर्षों से इस स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेन के ठहराव की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है। कार्यक्रम के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट और स्वागत के बीच समारोह संपन्न हुआ।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि क्षेत्र में रेल सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने रेल मंत्री का आभार जताते हुए बताया कि दिघवा दुबौली रेलवे गेट संख्या 24सी पर रेल ओवरब्रिज और गेट संख्या 23सी पर अंडरपास निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है। इसके बनने से लोगों को जाम और आवागमन की समस्याओं से बड़ी राहत मिलेगी।
मंत्री ने रेलवे अधिकारियों से स्टेशन परिसर के सर्कुलेटिंग एरिया में एक सुंदर पार्क विकसित करने की मांग भी की, ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं मिल सकें।
वहीं सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि अब आसपास के हजारों यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए दूसरे बड़े स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में अन्य ट्रेनों का ठहराव भी यहां सुनिश्चित कराया जाएगा।
जानिए ट्रेन का टाइमिंग
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) अजय सिंह ने बताया कि गाड़ी संख्या 19045 सूरत-थावे एक्सप्रेस अब प्रायोगिक आधार पर शाम 7:20 बजे दिघवा दुबौली स्टेशन पहुंचेगी और 7:22 बजे रवाना होगी। वहीं 19046 थावे-सूरत एक्सप्रेस सुबह 6:28 बजे पहुंचेगी और 6:30 बजे प्रस्थान करेगी।
लंबी दूरी के यात्रियों को राहत
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि इस अतिरिक्त ठहराव से गोपालगंज, सारण और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और लंबी दूरी की यात्रा पहले से अधिक आसान हो जाएगी। कार्यक्रम में रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- September 26, 2026क्राइमChhapra News: मांझी में पुलिस की नाकेबंदी से पकड़ा गया पिकअप, 5 मवेशी बरामद; दो आरोपी दबोचे
- September 26, 2026Railway Updateछपरा-सीवान होकर दौड़ेगी सियालदह-गोरखपुर स्पेशल, त्योहारों में रेल यात्रियों को बड़ा सहारा
- September 26, 2026छपराChhapra Flood Alert: गंडक में बढ़ेगा पानी तो क्या होगा? सारण प्रशासन अलर्ट, तटबंधों की 24 घंटे निगरानी के निर्देश
- September 24, 2026Railway Updateत्योहारों में छपरा से कोलकाता का सफर होगा आसान, बनारस-कोलकाता के बीच चलेगी विशेष ट्रेन



