छपरा में DM का बड़ा आदेश, होली में नहीं बजेगा DJ, सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी
संवेदनशील इलाकों में दंडाधिकारी तैनात

छपरा। रंगों के पर्व होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी सूरत में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों से पूर्व के अनुभवों के आधार पर एक-एक कर फीडबैक और सुझाव लिए गए। संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता बरतने का निर्णय लिया गया। प्रशासन ने साफ किया कि चिन्हित सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
डीजे और अश्लील गीतों पर सख्ती
होली के अवसर पर डीजे परिचालन पर पूर्णतः रोक लगाने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को सख्ती से इसका अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है। साथ ही अश्लील एवं आपत्तिजनक गीत बजाने वालों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।
मद्य निषेध कानून का कड़ाई से पालन
बैठक में मद्य निषेध कानून का सख्ती से अनुपालन कराने पर जोर दिया गया। प्रभावी आसूचना संकलन के आधार पर त्वरित एवं कारगर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा आवश्यक मामलों में सीसीए के तहत प्रस्ताव भेजने को भी कहा गया।
स्थानीय स्तर पर भी बैठक अनिवार्य
जहां अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर शांति समिति की बैठक नहीं हुई है, वहां अविलंब बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया। शांति समिति के सदस्यों से अपील की गई कि वे सक्रिय सहयोग दें और अपने आसपास किसी भी उपद्रवी तत्व की गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन को दें।
फ्लैग मार्च, गश्ती और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग
सभी उपयुक्त स्थलों पर फ्लैग मार्च, सघन रात्रि गश्ती और बाइक पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया गया, ताकि असामाजिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा सके। सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट साझा करने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
आपात सेवाएं अलर्ट मोड में
फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है। सभी प्रखंडों में एम्बुलेंस को तैयार अवस्था में रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अपर समाहर्त्ता (विधि व्यवस्था), नगर आयुक्त, शांति समिति के सदस्यगण, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी एवं समिति के सदस्य जुड़े रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि होली का पर्व भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है, इसे शांति और अनुशासन के साथ मनाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- August 26, 2026करियर – शिक्षाJob Alert: छपरा में नौकरी का मौका, 20 शिक्षकों की होगी भर्ती, 14,500 रुपये वेतन के साथ रूम रेंट और बोनस भी
- August 26, 2026क्राइमBihar Crime News: बिहार में 3 अपराधियों को मिली फांसी की सजा, 124 को अभियुक्तों को उम्रकैद
- August 26, 2026छपराChhapra Crime News: सरयू नदी किनारे मिला 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव, पहचान में जुटी पुलिस
- August 26, 2026क्राइमChhapra Court News: एक दशक पुराने हत्याकांड के अभियुक्त को कोर्ट से मिली उम्रकैद की सजा



