
छपरा। छपरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव एक बार फिर अपने तीखे बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। खेसारी ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर ऐसा बयान दिया, जिसने भोजपुरी इंडस्ट्री से लेकर राजनीतिक हलकों में एक नई हलचल पैदा कर दी है। उन्होंने दिनेश लाल यादव निरहुआ, पवन सिंह और भाजपा नेताओं पर खुलकर निशाना साधा, साथ ही अपने ऊपर लगे “राम विरोधी” होने के आरोपों का विस्तार से जवाब दिया।
लाइव के दौरान खेसारी ने पहले छपरा के मतदाताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें लगभग 80 वोट मिले और यह उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि उन्हें जनता से कोई शिकायत नहीं है, लेकिन उनके खिलाफ अनर्गल प्रचार करने वालों की मंशा पर सवाल है।
एक पत्नी वाला सनातनी नहीं, लेकिन तीन शादी वाला रामभक्त?
राम विरोधी बताए जाने पर खेसारी ने पलटवार करते हुए कहा कि समाज में ऐसी मानसिकता बनाई जा रही है कि जो व्यक्ति एक पत्नी के साथ जीवन गुजारता है, उसे सनातनी नहीं माना जाता, जबकि कई शादियां करने वाला रामभक्त कहलाया जा रहा है। खेसारी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि यह कैसी सोच है और यह कौन तय कर रहा है कि कौन सनातनी है और कौन नहीं।
उन्होंने बताया कि 2018 में दिए गए उस बयान को, जिसमें उन्होंने कहा था कि मंदिर की जगह पहले अस्पताल बनने चाहिए, उसे 2025 के चुनाव में मुद्दा बनाकर पेश किया गया। खेसारी ने भाजपा को सीधे कटघरे में खड़ा करते हुए सवाल किया कि वर्षों से सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा ने कितने अस्पताल, कितने कॉलेज, या कितनी फैक्ट्रियां बनवाई? युवाओं को रोजगार देने के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए?
मानना जरूरी नहीं, जानना जरूरी है
खेसारी ने भगवान राम का उदाहरण देते हुए कहा कि जब लक्ष्मण जी शक्तिबाण से घायल हुए थे, तब स्वयं भगवान राम भी जड़ी-बूटी और वैद्य की तलाश में थे। इससे उन्होंने यह संदेश दिया कि जीवन में ज्ञान और चिकित्सा दोनों जरूरी हैं, सिर्फ धार्मिक नारों से जीवन नहीं चलता। उन्होंने कहा कि उन्होंने रामायण गाया है और भगवान राम के आदर्शों को समझते हैं “मानना जरूरी नहीं, जानना जरूरी है।”
“जूता मारने” वाले बयान पर खेसारी ने कड़ी आपत्ति
निरहुआ द्वारा दिए गए “जूता मारने” वाले बयान पर खेसारी ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले ही कहा था कि वह निरहुआ को पागल घोषित कर देंगे, और निरहुआ के हालिया बयान यह दर्शाते हैं कि वे अपनी मर्यादा खो चुके हैं। खेसारी ने कहा कि वे अपनी पत्नी का सम्मान पूरी दुनिया के सामने करते हैं और पारिवारिक मूल्यों पर चलते हैं। उन्होंने चुनौती दी कि कौन राम के बताए मार्ग पर चलता है और कौन नहीं, यह जनता अच्छे से जानती है।
खेसारी ने भाजपा पर भी तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ऐसी मशीन है कि अगर कोई पाप भी कर दे तो वह बिल्कुल साफ-सुथरा होकर बाहर निकल आता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुछ नेता सिर्फ धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल कर जनता को गुमराह कर रहे हैं, जबकि असल मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है।
खेसारी के इस लाइव वीडियो के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। समर्थक और विरोधी अपने-अपने तर्क दे रहे हैं, जबकि खेसारी के बयानों ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- August 27, 2026क्राइमChhapra News: पड़ोसियों से विवाद पड़ा भारी, मारपीट के 9 दिन बाद महिला की मौत, हत्या मामले में तीन गिरफ्तार
- August 27, 2026क्राइमChhapra Court: साढ़े पांच साल जेल में काटे, अब मिली बेगुनाही की आजादी; बेटे की हत्या के आरोप से बाइज्जत बरी हुई बबली खातून
- August 27, 2026क्राइमChhapra Crime News: सारण का कुख्यात ‘टाइगर’ आखिरकार पुलिस के शिकंजे में, STF ने रचा गिरफ्तारी का जाल
- August 27, 2026छपरासारण में जयप्रभा सेतु से उफनती सरयू नदी में कूदी इंजीनियरिंग की छात्रा, तेज धारा में बहकर हुई लापता



