folk singer Shekhar Suman: छपरा के प्रसिद्ध लोक गायक शेखर सुमन ने नदी में कूदकर दी जान, तलाश में जुटी एसडीआरएफ
उच्च माध्यमिक विद्यालय में संगीत शिक्षक के रूप में कार्यरत थे

छपरा। सारण जिले में मंगलवार को एक संगीत शिक्षक और प्रसिद्ध लोक गायक के गंडक नदी में छलांग लगाने की आशंका से हड़कंप मच गया। भेल्दी थाना क्षेत्र के शोभेपुर निवासी शेखर सुमन के रेवा घाट पुल से गंडक नदी में कूदने की सूचना के बाद परिजन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम उनकी तलाश में जुट गई है। देर तक नदी में सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनका पता नहीं चल सका था।
संगीत शिक्षक के रूप में कार्यरत थे
शेखर सुमन भेल्दी थाना क्षेत्र के शोभेपुर गांव निवासी उपेंद्र राय के पुत्र थे। वह नगरा प्रखंड के कोरेया उच्च माध्यमिक विद्यालय में संगीत शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। इसके अलावा उनकी पहचान एक प्रसिद्ध लोक गायक के रूप में भी थी। घटना की जानकारी मिलते ही उनके परिजनों और परिचितों में चिंता का माहौल है।
बताया जाता है कि मंगलवार को विद्यालय की छुट्टी के बाद शेखर सुमन गड़खा में फिजियोथेरेपी कराने गए थे। फिजियोथेरेपी के बाद उन्होंने अपने चालक विकास कुमार को बसंतपुर कटसा के समीप उतार दिया। इसके बाद वह अकेले ही चार पहिया वाहन से रेवा घाट पुल की ओर चले गए। बाद में उनके गंडक नदी में छलांग लगाने की आशंका की सूचना सामने आई, जिसके बाद खोजबीन शुरू की गई।
कुछ दिन पूर्व हुआ था सड़क हादसा
परिजनों के अनुसार, कुछ समय पहले ट्रक और बाइक की दुर्घटना में उनका पैर और जांघ गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके भाई पंकज कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद से वह शारीरिक परेशानी के साथ-साथ काफी तनाव में भी रहते थे। शेखर सुमन अविवाहित थे और चार भाइयों में सबसे छोटे थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन भी सक्रिय हो गया। अंचल अधिकारी निर्मला कुमारी के प्रयास से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया, जो गंडक नदी में लगातार सर्च अभियान चला रही है। भेल्दी थानाध्यक्ष संग्राम सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी रेवा घाट पुल के आसपास पहुंच गए। बड़े भाई राजेश कुमार और पंकज कुमार समेत परिवार के अन्य सदस्य तथा ग्रामीण लगातार शेखर सुमन की तलाश में जुटे हुए हैं। परिजनों की निगाहें अब एसडीआरएफ के सर्च अभियान पर टिकी हैं।
फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम गंडक नदी में तलाशी अभियान चला रही है। शेखर सुमन के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी या बरामदगी होने पर ही घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- October 8, 2026छपरासारण में बाढ़ में ड्यूटी से गायब अफसर-कर्मियों पर गिरी गाज, प्रधान लिपिक निलंबित; FIR दर्ज करने का आदेश
- October 8, 2026क्राइमसारण में त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, QRT संभालेगी मोर्चा, संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर
- October 8, 2026बिहार‘बाहर से पानी नहीं ला सकते’ कहकर 50 रुपये में बेचा पानी, सिनेपॉलिस-कोका-कोला पर 85 हजार का जुर्माना
- October 8, 2026बिहारनोट गिनने के लिए बुलानी पड़ी मशीन! कार्यपालक अभियंता के 5 ठिकानों से 52.20 लाख कैश, 30 लाख के गहने बरामद



