
पटना। राज्य में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) होली से पहले 149 नई डीलक्स बसों का परिचालन शुरू करने जा रहा है। इनमें 75 एयर कंडीशंड (एसी) डीलक्स बसें और 74 नॉन-एसी डीलक्स बसें शामिल हैं। एसी बसों का मुख्य रूप से अंतरराज्यीय मार्गों पर संचालन होगा, जिसमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और पश्चिम बंगाल जैसे 9 राज्य शामिल हैं। इससे रोजाना हजारों यात्रियों को सुगम और आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी, विशेषकर त्योहारों के दौरान बिहार लौटने वाले प्रवासियों को बड़ी राहत पहुंचेगी। राज्य के अंदर भी एसी बसें चलाने की योजना है।
घाटे वाली रूटों की बसें होंगी बंद
परिवहन सह ग्रामीण विकास विभाग मंत्री श्रवण कुमार ने विभाग को निर्देश दिए कि घाटे वाले रूटों को चिह्नित कर वहां बसों का परिचालन बंद किया जाए। इन रूटों की बसों और नई 149 बसों को जोड़ते हुए बस परिचालन के लिए रूट निर्धारण की प्रक्रिया शुरू की जाए।
रूट परमिट और क्लीयरेंस की स्थिति
वर्तमान में उत्तर प्रदेश से 10 वर्ष पुराना रूट परमिट नवीकरण की प्रक्रिया चल रही है, जबकि दिल्ली के लिए नए रूटों की सूची अंतिम चरण में है। इसके बाद हरियाणा से रूट क्लीयरेंस लिया जाएगा। इसी तरह पंजाब, राजस्थान, मध्यप्रदेश, झारखंड, ओड़िशा और पश्चिम बंगाल के मार्गों पर बस परिचालन के लिए संबंधित राज्यों के बीच पारस्परिक प्रारूप समझौता (एमओयू) साइन किया जा चुका है। अन्य राज्य गुजरात, आन्ध्र प्रदेश, असम और तेलंगाना से बस परिचालन पर कोई जवाब विभाग को प्राप्त नहीं हो सका है।
बसों के आगमन से पहले हो रूट अधिसूचित: मंत्री
मंत्री श्रवण कुमार ने विभाग को निर्देश दिए हैं कि बसों के आगमन के पहले ही रूट अधिसूचित कर लिया जाए, ताकि नई बसों का अविलंब परिचालन शुरू हो सके। उन्होंने अंतरराज्यीय बसों की समीक्षा में कुछ समस्याओं को जाना। जिनके निष्पादन के लिए वे 7 और 8 जनवरी को दिल्ली में संबंधित राज्यों के परिवहन मंत्रियों के साथ बैठक कर विस्तृत चर्चा करेंगे।
सालाना लगभग 3 करोड़ यात्री कर कर रहे सफर
निगम के बेड़े में वर्तमान में कुल 884 बसें हैं, जिनमें 266 सीएनजी और 25 इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। वित्तीय वर्ष 2024-25 में निगम की बसों से करीब 2 करोड़ 60 लाख यात्रियों ने सफर किया। जबकि, पीपीपी मोड पर संचालित बसों में 92 लाख यात्री सफर कर चुके हैं। वर्ष 2025-26 में 220 अंतरराज्यीय बसों से दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल तक 6241 ट्रिप पूरी की गईं, जिससे लगभग 2.50 लाख प्रवासी बिहारी त्योहारों पर निश्चिंत होकर घर लौट सके।
परिवहन मंत्री ने कहा कि विभाग इस वर्ष परिवहन सुविधा को और बेहतर करने जा रहा है। इसके लिए और नए राज्यों में बस परिचालन को विस्तार देने की योजना है। विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे होली से पहले एमओयू और रूट परमिट जैसे काम को पूरा कर इनके संचालन को सुनिश्चित करें।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
क्राइमApril 12, 2026सारण पुलिस ने अपराध की साजिश रच रहे 4 अपराधियों को दबोचा, 41 जिंदा कारतूस बरामद
क्राइमApril 12, 2026जेडीयू MLA पप्पू पांडेय और उनके भाई पर गिरफ्तारी की तलवार, कोर्ट से वारंट जारी
करियर – शिक्षाApril 12, 2026छपरा के अभिषेक ने रचा इतिहास: हवलदार से इनकम टैक्स विभाग में ऑफिस सुपरिटेंडेंट बने
करियर – शिक्षाApril 11, 2026BPSC Exam: सारण में 31 केंद्रों पर होगी AEDO की परीक्षा, जैमर-सीसीटीवी से होगी सख्त निगरानी







