छपरा। कड़ी मेहनत, लगन और सीमित संसाधनों के बावजूद अगर लक्ष्य स्पष्ट हो तो सफलता जरूर मिलती है। इसका जीता-जागता उदाहरण बने हैं छपरा के अभिषेक कुमार, जिन्होंने साधारण परिवार से निकलकर एसएससी सीजीएल परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए इनकम टैक्स विभाग में ऑफिस सुपरिटेंडेंट का पद प्राप्त किया है।
5142वीं रैंक प्राप्त कर ऑफिस सुपरिटेंडेंट का पद हासिल किया
छपरा शहर के नई बाजार निवासी विनोद कुमार सिंह और बसंती देवी के पुत्र अभिषेक कुमार ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (CGL) परीक्षा में 5142वीं रैंक प्राप्त कर इनकम टैक्स विभाग में ऑफिस सुपरिटेंडेंट का पद हासिल किया है।
हवलदार के पद पर है कार्यरत
अभिषेक वर्तमान में पटना में सेंट्रल एक्साइज एवं कस्टम विभाग में हवलदार के पद पर कार्यरत हैं। वर्ष 2025 में उनका चयन इसी विभाग में हवलदार के रूप में हुआ था। नौकरी में रहते हुए भी उन्होंने अपनी पढ़ाई और तैयारी को जारी रखा, जिसका परिणाम आज इस बड़ी सफलता के रूप में सामने आया है।
अभिषेक का पारिवारिक पृष्ठभूमि बेहद साधारण है। उनके पिता विनोद कुमार सिंह होम ट्यूशन पढ़ाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि उनकी माता बसंती देवी एक गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने अभिषेक की शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी।
शैक्षणिक रूप से भी अभिषेक हमेशा मेहनती रहे हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जिला स्कूल, छपरा से प्राप्त की। इसके बाद राजेंद्र कॉलेज, छपरा से इंटरमीडिएट और जगदम कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी थी।
अपने चाचा को मानते है प्रेरणा स्त्रोत
अभिषेक दो भाइयों और एक बहन में से एक हैं और परिवार में शिक्षा का माहौल हमेशा प्रेरणादायक रहा है। वे अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के साथ-साथ अपने चाचा मनोज पटेल को देते हैं, जिन्हें वे अपना प्रेरणा स्रोत मानते हैं।
अभिषेक की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में खुशी का माहौल है, बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व की लहर दौड़ गई है। उनकी सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करते हैं।