सारण में श्मशानघाट की भूमि पर दबंगों का कब्जा, ग्रामीणों ने शव सड़क पर रख किया विरोध प्रदर्शन
छपरा। सारण जिले के मशरक प्रखंड के बहरौली गांव में श्मशान भूमि पर दबंगों द्वारा कब्जा किए जाने के खिलाफ आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान, दिल्ली से लाए गए एक शव को गांव के मुख्य सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने आवागमन पूरी तरह से ठप्प कर दिया। गांव के लोग जिला प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
घटना के अनुसार, बहरौली गांव के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के ही एक व्यक्ति सुनील राय सहित कुछ अन्य लोग श्मशान की भूमि पर अवैध कब्जा कर चुके हैं। इस संबंध में ग्रामीणों ने सीओ और थाना पुलिस से शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
शनिवार को जब गांव के शंकर साह (45 वर्ष) का निधन हुआ, और शव को दिल्ली से गांव लाकर दाह संस्कार के लिए श्मशान घाट पर लाया गया, तो श्मशान भूमि पर कब्जा करने वालों ने उसे जलाने का विरोध किया। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर घंटों जाम लगा दिया और विरोध जताया।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने मांग की कि श्मशान भूमि का अवैध कब्जा हटाया जाए और मृतक का अंतिम संस्कार बिना किसी विघ्न के किया जाए। मौके पर सीओ सुमंत कुमार और थानाध्यक्ष अजय कुमार दल-बल के साथ पहुंचे, लेकिन इस मुद्दे पर अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
प्रदर्शन में सरपंच फुलेश्वर राय, कामेश्वर राय समेत सैकड़ों महिला और पुरुष ग्रामीण उपस्थित थे। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- November 13, 2026छपरासारण के दो घरों में लगी भीषण आग, जिंदा जलकर आठ साल की बच्ची की मौत
- November 13, 2026छपरासारण के DM वैभव श्रीवास्तव समेत बिहार के 10 आईएएस अधिकारियों को प्रमोशन, 1 जनवरी से मिलेगा अपर सचिव स्तर का वेतनमान
- November 12, 2026छपरासारण के मांझी के रामघाट को मिली नई पहचान, 8.20 करोड़ से विकसित रिवर फ्रंट का सीएम ने किया लोकार्पण
- November 12, 2026राजनीतिChhapra Crime News: दस साल से पुलिस को चकमा दे रहा डकैती का आरोपी गिरफ्तार, STF के साथ सारण पुलिस की कार्रवाई



