छपरा में दीपावली से पहले मिठाई दुकानों पर छापेमारी, 7 दुकानों से लिए गए सैंपल
छपरा शहर में अभिहित अधिकारी ने की जांच
छपरा। दीपावली के त्योहार को देखते हुए बाजार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में खाद्य संरक्षा अधिकारी/ अभिहित अधिकारी नारायण राम के नेतृत्व में छपरा शहर की विभिन्न मिठाई एवं खाद्य सामग्री की दुकानों में जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान सात दुकानों की जांच की गई और वहां बिक्री के लिए उपलब्ध मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।
जांच अभियान के दौरान साहेबगंज स्थित आदर्श जनरल स्टोर से घी का सैंपल लिया गया। वहीं नगरपालिका चौक स्थित कृष्णा स्वीट्स से बेसन के लड्डू और सोनपापड़ी तथा छप्पन भोग से मिल्क केक और बूंदी के लड्डू के नमूने संग्रहित किए गए। डाक बंगला रोड स्थित न्यू रसरंजन श्रीरसागर से गुलाब जामुन और काजू कतली का सैंपल लिया गया। इसी रोड पर स्थित हरिलाल स्वीट्स से सोनपापड़ी, बेसन गजक और बेसन के लड्डू के नमूने लिए गए।
इसके अलावा साहेबगंज स्थित सुरुचि स्वीट्स से बेसन के लड्डू तथा देशबंधु स्वीट्स से गुलाब जामुन और सुधा रसगुल्ला का नमूना संग्रहित किया गया। विभाग की ओर से लिए गए सभी नमूनों को रासायनिक एवं गुणवत्ता संबंधी जांच के लिए संयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, अगमकुआं, पटना भेज दिया गया है।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद उनकी गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट होगी। यदि किसी नमूने में मिलावट या निर्धारित मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित दुकानदार के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्रियों की मांग बढ़ने के साथ ही उनकी गुणवत्ता को लेकर भी उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग का यह अभियान बाजार में बिकने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता पर नजर रखने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- November 7, 2026छपराChhapra Job: सारण में सहायक कार्यकर्ता के 20 पदों पर होगी बहाली, 28 नवंबर तक करें आवेदन
- November 7, 2026छपराछपरा में दीपावली से पहले मिठाई दुकानों पर छापेमारी, 7 दुकानों से लिए गए सैंपल
- November 7, 2026क्राइमChhapra News: ट्रक में तहखाना बनाकर लाई जा रही थी 665 लीटर विदेशी शराब, मढ़ौरा में दो तस्कर गिरफ्तार
- November 7, 2026क्राइमChhapra Court News: भाभी की हत्या के मामले में देवर को आजीवन कारावास, आठ साल बाद आया अदालत का फैसला



