
छपरा: सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाली और साथ ही खाकी का मानवीय चेहरा सामने लाने वाली एक घटना प्रकाश में आई है। क्षेत्र के एक गांव में 10 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जहां एक तरफ पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है, वहीं तरैया थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने अपनी कर्तव्यपरायणता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए पीड़िता को रक्तदान कर उसकी जान बचाई है।
देर रात घर में घुसकर वारदात को दिया अंजाम
जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना मंगलवार की देर रात की है। पीड़ित बच्ची अपने घर के एक कमरे में अकेली सो रही थी, जबकि उसकी मां और छोटा भाई दूसरे कमरे में थे। इसी दौरान एक युवक घर के पीछे के रास्ते से कमरे में दाखिल हुआ। उसने मासूम का मुंह दबाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद बदहवास बच्ची ने अपनी मां को आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए।
थानाध्यक्ष ने स्वेच्छा से किया रक्तदान
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई। तरैया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को बेहतर इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेजा। इलाज के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि अत्यधिक ब्लीडिंग (रक्तस्राव) के कारण बच्ची के शरीर में खून की भारी कमी हो गई है और उसकी हालत लगातार गंभीर होती जा रही है। चिकित्सकों ने तत्काल रक्त उपलब्ध कराने की बात कही।
परिजनों की लाचारी और समय पर खून की व्यवस्था न हो पाने के कारण स्थिति नाजुक बनी हुई थी। ऐसे संकट के समय में तरैया थानाध्यक्ष धीरज कुमार देवदूत बनकर सामने आए। उन्होंने बिना समय गंवाए मानवीय संवेदना का परिचय दिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया। थानाध्यक्ष के इस कदम से पीड़िता को समय पर रक्त मिल सका, जिससे उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
आरोपी की तलाश में छापेमारी, पुलिस ने कहा- जल्द होगी गिरफ्तारी
इस मामले पर जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि घटना को अत्यंत गंभीरता से लिया जा रहा है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है और न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसएसपी ने की सराहना
थानाध्यक्ष के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा हो रही है। सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने थानाध्यक्ष धीरज कुमार के इस मानवीय कदम की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि सारण पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ मानवीय मूल्यों की रक्षा और जनसेवा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस अधिकारी का यह कदम समाज में खाकी के प्रति विश्वास को और मजबूत करता है।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- September 10, 2026क्राइमChhapra Court: सारण में पार्थ सिंह हत्याकांड में तीन दोषियों को उम्रकैद, कोर्ट ने लगाया 25-25 हजार का अर्थदंड
- September 9, 2026क्राइमछपरा शहर के VIP गली के होटल में पुलिस की छापेमारी, 5 युवक और 5 युवती हिरासत में; प्रबंधन की भूमिका भी जांच के घेरे में
- September 9, 2026क़ृषिवैज्ञानिक खेती से सारण के किसान ललित नारायण ने रचा नया कृषि मॉडल, पानी की हर बूंद और जमीन के हर हिस्से का उपयोग
- September 9, 2026छपरासारण के रिविलगंज में शौच करने गये व्यक्ति की नदी में डूबने की आशंका, तलाश जारी



