बिहार

प्रिंस यादव की मौत की खबर सुनकर हिल गए खान सर, बोले- पैरों तले खिसक गई जमीन

पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करने और निष्पक्ष जांच की मांग की

Khan Sir Vs Roshan Anand: नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई प्रिंस यादव की मौत के बाद चर्चित शिक्षक खान सर ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो जारी कर इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। वीडियो में खान सर भावुक नजर आए और कहा कि जब उन्हें प्रिंस यादव की मौत की सूचना मिली तो पहले विश्वास ही नहीं हुआ। लेकिन जैसे ही उन्होंने समाचार देखा, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

खान सर ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और हैरान करने वाली है। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में उनकी पूरी सहानुभूति परिवार के साथ है और जरूरत पड़ने पर वे हर संभव मदद के लिए तैयार हैं।

ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद को मिली जमानत, भाई के अंतिम संस्कार में होंगे शामिल

पहले विश्वास नहीं हुआ, फिर न्यूज देखकर स्तब्ध रह गया

वीडियो में खान सर ने बताया कि उन्हें कुछ लोगों का फोन आया और बताया गया कि नेपाल में प्रिंस यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। शुरुआत में उन्हें इस बात पर भरोसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा, “कुछ लोगों ने फोन कर कहा कि प्रिंस यादव की मौत हो गई है। पहले तो मैंने उन्हें डांट दिया कि कैसी बातें कर रहे हैं। लेकिन जब मैंने समाचार देखा तो पैरों तले जमीन खिसक गई। समझ ही नहीं आया कि आखिर यह कैसे हो गया। खान सर ने कहा कि समय ने अचानक ऐसी करवट ली है, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।

दोस्तों का वीडियो भी किया साझा

अपने वीडियो में खान सर ने प्रिंस यादव के मित्र अंकित कुमार और रौशन कुमार के बयान भी साझा किए। वीडियो में अंकित कुमार ने बताया कि वे प्रिंस यादव के साथ नेपाल में मौजूद थे। अंकित कुमार के अनुसार, प्रिंस यादव पहले से स्वास्थ्य संबंधी कुछ समस्याओं से जूझ रहे थे और उनका इलाज भी चल रहा था। उन्होंने दावा किया कि उन्हें पहले भी दो बार अटैक आ चुका था। उन्होंने कहा कि घटना से पहले कई दिनों से प्रिंस ठीक से सो नहीं रहे थे।

छपरा की बेटी दिव्यांशी ने रचा इतिहास, भारतीय वायुसेना में बनी अधिकारी

अंकित ने बताया कि घटना वाले दिन प्रिंस आराम से सो रहे थे, लेकिन बाद में उनकी सांस लेने की गति असामान्य हो गई। स्थिति बिगड़ने पर तत्काल एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित जांच एजेंसियों या पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होना अभी बाकी है।

वीडियो देखकर दिल दहल गया

दोस्तों का वीडियो दिखाने के बाद खान सर फिर कैमरे के सामने आए और कहा कि पूरे घटनाक्रम को देखकर उनका दिल दहल गया। उन्होंने कहा, “किसी भी परिवार के लिए इससे बड़ा दुख शायद ही कोई हो सकता है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति दे। खान सर ने कहा कि वे परिवार के साथ खड़े हैं और जरूरत पड़ने पर हर संभव सहयोग करेंगे।

मीडिया से संयम बरतने की अपील

खान सर ने इस मामले में मीडिया से भी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता दिखाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिना पुष्टि वाली खबरों, अफवाहों और अटकलों से बचना चाहिए। उन्होंने कहा, यह बेहद संवेदनशील मामला है। मीडिया को केवल प्रमाणिक और सत्यापित तथ्यों के आधार पर खबरें प्रकाशित और प्रसारित करनी चाहिए। अफवाहों से परिवार की पीड़ा और बढ़ सकती है।

पुलिस से आधिकारिक बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मांग

खान सर ने पुलिस प्रशासन से मामले में जल्द आधिकारिक बयान जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों को तथ्यों को सार्वजनिक करना चाहिए ताकि लोगों के बीच फैली शंकाओं और भ्रम की स्थिति दूर हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट जल्द सार्वजनिक की जानी चाहिए, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।

उच्च स्तरीय जांच की उठाई मांग

वीडियो के अंत में खान सर ने मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की साजिश या किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पूरे मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच और आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ पाएगा।

फिलहाल प्रिंस यादव की मौत को लेकर परिवार, मित्रों और समर्थकों के बीच गहरा शोक है। सभी की निगाहें अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच एजेंसियों की रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं, जिससे इस रहस्यमय मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।

Author Profile

Ganpat Aryan
Ganpat Aryan
वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Ganpat Aryan

वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Related Articles

Back to top button