छपरा

छपरा में गंदे पानी का होगा वैज्ञानिक उपचार, दूधिया पोखरा में बनेगा वेस्ट वॉटर स्टैबिलाइजेशन पॉन्ड

डीएम का मास्टर एक्शन प्लान

Waste water stabilization pond: आगामी मानसून को देखते हुए छपरा शहर को जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने  नगर आयुक्त, वरीय परियोजना अभियंता बुडको एवं उनकी तकनीकी टीम, सहायक अभियंता पथ प्रमंडल छपरा, अंचलाधिकारी सदर तथा अमीन के साथ खनुआ नाला सहित छपरा शहर के सभी छोटे-बड़े नालों एवं उनके आउटलेट का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जलनिकासी व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।

 नालों की मापी और स्थायी मार्किंग का निर्देश

जिलाधिकारी ने उप समाहर्ता भूमि सुधार सदर एवं अंचलाधिकारी सदर को साढ़ा ढाला ओवरब्रिज से जटही पोखरा, दूधिया पोखरा होते हुए तेल नदी तक तथा दूधिया पोखरा से बग्घी नाला तक नक्शे में दर्शाए गए सभी छोटे-बड़े नालों की विधिवत मापी कराने का निर्देश दिया।उन्होंने सभी नालों की मापी कराकर 15 दिनों के भीतर पिलर या अन्य स्थायी सामग्री से मार्किंग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि भविष्य में अतिक्रमण रोका जा सके।

खनुआ नाला निर्माण में तेजी

वरीय परियोजना अभियंता, बुडको को पटेल छात्रावास से आईडीएस पब्लिक स्कूल तक शेष 200 मीटर खनुआ नाला निर्माण कार्य एक सप्ताह के अंदर प्रारंभ कराने का सख्त निर्देश दिया गया।
साथ ही खनुआ नाला से जुड़ने वाले सभी प्राथमिक नालों के जंक्शन पॉइंट पर स्क्रीन लगाने और जंक्शन चैंबर निर्माण का आदेश दिया गया, ताकि प्लास्टिक एवं ठोस कचरा नाले में प्रवेश न कर सके।

 मास्टर ड्रेनेज प्लान पर जोर

जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त, छपरा नगर निगम को पूरे शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के लिए समग्र मास्टर ड्रेनेज प्लान तैयार करने हेतु नगर विकास एवं आवास विभाग से परामर्शी (कंसल्टेंट) नियुक्त कराने के लिए विभाग को अनुरोध पत्र भेजने का निर्देश दिया।

advertisement

 कलवर्ट मरम्मति और अपशिष्ट जल प्रबंधन

कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल छपरा को नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत उनके द्वारा निर्मित सभी कलवर्ट की मरम्मति हेतु अविलंब प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया गया। वहीं निदेशक, डीआरडीए एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी सदर को SLWM योजना के तहत दूधिया पोखरा में Waste Water Stabilisation Pond स्थापित करने की योजना लेने का आदेश दिया गया।

नाला निर्माण के लिए बहुस्तरीय योजना

दूधिया पोखरा से लेकर तेल नदी तक नाला निर्माण हेतु मनरेगा, पंचायत समिति एवं जिला परिषद से छोटी-छोटी योजनाएं लेकर कार्य कराने का निर्देश दिया गया। आबादी वाले क्षेत्रों में कवर नाला तथा शेष हिस्सों में खुला नाला निर्माण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि छपरा शहर को जलजमाव मुक्त बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी कार्य तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे। किसी भी प्रकार की ढिलाई पर संबंधित पदाधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

Author Profile

Ganpat Aryan
Ganpat Aryan
वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Ganpat Aryan

वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Related Articles

Back to top button