
छपरा। सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र के अजमेरगंज गांव में शनिवार की देर रात अज्ञात चोरों ने श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर परिसर में चोरी की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। चोरों ने मंदिर परिसर में स्थित देवी दुर्गा की छोटी प्रतिमा के मंदिर का शीशे का दरवाजा तोड़कर हजारों रुपये मूल्य के आभूषण एवं पूजा-पाठ में प्रयुक्त बर्तन चोरी कर लिए। इस दौरान देवी प्रतिमा को आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त भी कर दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, चोर मां दुर्गा की प्रतिमा से सोने की नाक की नथिया, पीतल की पूजा थाली, लोटा, बाल्टी सहित अन्य सामान चुरा ले गए। हालांकि, मंदिर के गर्भगृह में स्थापित देवाधिदेव महादेव सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं पूरी तरह सुरक्षित पाई गईं।
सुबह-सुबह मिली घटना की जानकारी
रविवार की सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो देवी मंदिर का कांच का दरवाजा टूटा हुआ और आभूषण व पूजा सामग्री गायब देखकर लोगों ने इसकी सूचना तत्काल रिविलगंज थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रिविलगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए स्थानीय लोगों से जानकारी ली।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी, सदर नीतेश कुमार तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01 राम पुकार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं घटना के त्वरित उद्भेदन के निर्देश दिए।
इस संबंध में जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारी द्वारा जारी प्रेस नोट में बताया गया कि दिनांक 14 दिसंबर 2025 को रिविलगंज थाना को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम अजमेरगंज स्थित सिद्धेश्वर धाम शिव मंदिर के बाहर स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा के शीशे का दरवाजा अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़कर प्रतिमा से नथिया चोरी कर ली गई है। प्रथम दृष्टया यह घटना चोरी के उद्देश्य से की गई प्रतीत होती है।
पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लिया
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति जितेंद्र सिंह, पिता शंकर सिंह, निवासी इनई, थाना रिविलगंज, जिला सारण को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, उक्त व्यक्ति पूर्व में भी मूर्ति चोरी के मामले में जेल जा चुका है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच गहराई से की जा रही है तथा अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।
वहीं, स्थानीय बीडीओ रितेश कुमार सिंह और अंचलाधिकारी कौशल कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मंदिर में पहले भी दो-तीन बार दान-पात्र की चोरी हो चुकी है, जिससे श्रद्धालुओं में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा मंदिर की स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। विधि-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। सारण पुलिस ने आमजन की धार्मिक आस्था के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया है कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर विधि-सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नगर परिषद के सहयोग से मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
TrendingMarch 4, 2026Share Market Crash: शेयर बाजार में भूचाल, एक दिन में निवेशकों के 10 लाख करोड़ रुपये स्वाहा
देशMarch 4, 2026बिहार में सड़क पर कब्जा अब नहीं चलेगा! अवैध कब्जों पर चलेगा बुलडोजर
करियर – शिक्षाMarch 2, 2026Sainik School Result: छपरा के VIP स्कूल के 31 छात्रों ने सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में सफलता का परचम लहराया
करियर – शिक्षाMarch 2, 2026Sainik School Entrance Exam: वुडबाइन के होनहारों ने छपरा का गौरव बढ़ाया, सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में 21 छात्रों की ऐतिहासिक सफलता







