छपरा। सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र के पकड़ी डीह गांव में शनिवार की आधी रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। ससुराल में सो रही 23 वर्षीय नवविवाहिता रूबी कुमारी की गला रेतकर हत्या कर दी गई, जबकि उसके साथ सो रही छोटी बहन निशा कुमारी (18 वर्ष) पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। निशा गंभीर रूप से घायल है और उसे इलाज के लिए पटना एम्स रेफर किया गया है।
कैसे घटी घटना?
मिली जानकारी के अनुसार, रूबी की शादी वर्ष 2023 में हुई थी। उसका मायका छपरा जिले के बरहमपुर में है। वह अपने 11 माह के बेटे और सास-ससुर के साथ गांव में रहती थी। पति धनंजय गुप्ता नौकरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं।
कुछ दिन पहले रूबी ने अपनी छोटी बहन निशा को घर बुला लिया था क्योंकि उसकी सास माधुरी देवी का हाथ टूट गया था और घर के काम में मदद की जरूरत थी।
बीती रात रूबी और निशा एक ही कमरे में सो रही थीं, जबकि रूबी के सास-ससुर घर के बाहर दलान में थे। आधी रात को अचानक कमरे में घुसे अपराधियों ने दोनों बहनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
घायल बहन की बहादुरी
वारदात के बाद गंभीर रूप से घायल निशा किसी तरह दरवाजा खोलकर बाहर आई और खून से लथपथ हालत में गिर पड़ी। उसकी गर्दन पर गहरे घाव थे और वह बोलने की स्थिति में नहीं थी। उसकी चीख और गिरने की आवाज सुनकर रूबी के ससुर मदन साह जाग गए।
मदद के लिए शोर मचाने पर ग्रामीण जुटे। इसी दौरान तीन संदिग्ध युवक बाइक से भागते देखे गए। जब परिवारजन कमरे में पहुंचे तो रूबी खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी थी और उसका मासूम बच्चा रो रहा था।
अस्पताल ले जाते ही मौत
परिजन दोनों बहनों को तत्काल सदर अस्पताल छपरा ले गए। वहां डॉक्टरों ने रूबी को मृत घोषित कर दिया। निशा की नाजुक हालत को देखते हुए उसे तुरंत पटना एम्स रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना पर अमनौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। चौकीदार सुदेश्वर राय ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौके पर पहुंचे ग्रामीण एसपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी और मढ़ौरा एसडीपीओ भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का मुआयना किया और पुलिस टीम को अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का निर्देश दिया।
पुलिस के अनुसार, अपराधियों की पहचान और घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश या पारिवारिक विवाद का लग रहा है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
गांव में आक्रोश और दहशत
इस हत्याकांड से पूरे गांव में सनसनी और दहशत फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि अपराधियों ने इस वारदात को उस समय अंजाम दिया जब पूरा गांव गहरी नींद में था। मृतका का घर गांव से थोड़ा अलग और सड़क किनारे होने के कारण अपराधियों के आने-जाने की भनक किसी को नहीं लगी।
ग्रामीण और परिजन जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इस घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन ली हैं और गांव में मातम का माहौल है।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- November 13, 2026छपरासारण के दो घरों में लगी भीषण आग, जिंदा जलकर आठ साल की बच्ची की मौत
- November 13, 2026छपरासारण के DM वैभव श्रीवास्तव समेत बिहार के 10 आईएएस अधिकारियों को प्रमोशन, 1 जनवरी से मिलेगा अपर सचिव स्तर का वेतनमान
- November 12, 2026छपरासारण के मांझी के रामघाट को मिली नई पहचान, 8.20 करोड़ से विकसित रिवर फ्रंट का सीएम ने किया लोकार्पण
- November 12, 2026राजनीतिChhapra Crime News: दस साल से पुलिस को चकमा दे रहा डकैती का आरोपी गिरफ्तार, STF के साथ सारण पुलिस की कार्रवाई



