SHO Suspended: सारण SSP का बड़ा एक्शन, कर्तव्यों प्रति लापरवाह 3 थानेदारों को किया सस्पेंड
अवतारनगर में केसों के अनुसंधान में सुस्ती, तरैया में सरकारी संपत्ति से जुड़ी घटना में लापरवाही तो अमनौर में गंभीर जांच खामी पर गिरी गाज

छपरा। सारण में पुलिसिंग को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने सख्त रुख अपनाते हुए कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले तीन थानेदारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा और प्राप्त प्रतिवेदनों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। अवतारनगर, तरैया और अमनौर थाना के थानाध्यक्षों पर अलग-अलग मामलों में लापरवाही, शिथिलता और कर्तव्यहीनता के आरोप सामने आने के बाद एसएसपी ने कार्रवाई की।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। निलंबित तीनों पदाधिकारियों का निलंबन अवधि में मुख्यालय पुलिस केंद्र, सारण निर्धारित किया गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
अवतारनगर थानेदार पर केसों के निष्पादन में सुस्ती का आरोप
अवतारनगर थाना के थानाध्यक्ष पु०अ०नि० साकेत बिहारी को थाने में दर्ज कांडों के निष्पादन और अनुसंधान में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने के कारण निलंबित किया गया है। समीक्षा के दौरान उनके कार्य में अपेक्षित तेजी नहीं पाई गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कर्तव्य के प्रति शिथिलता को गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
तरैया थानेदार पर सरकारी संपत्ति से जुड़े मामले में लापरवाही
तरैया थाना के थानाध्यक्ष पु०अ०नि० धीरज कुमार राम पर सरकारी संपत्ति से संबंधित एक घटना में लापरवाही बरतने का आरोप है। इसके अलावा अधीनस्थ पुलिसकर्मियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रखने और वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना को भी कार्रवाई का आधार बनाया गया है। एसएसपी की समीक्षा में सामने आई इन कमियों के बाद धीरज कुमार राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
अमनौर थानेदार पर अनुसंधान में गंभीर लापरवाही
अमनौर थाना के थानाध्यक्ष पु०अ०नि० हेमन्त कुमार के खिलाफ भी गंभीर कार्रवाई की गई है। पुलिस उप-महानिरीक्षक, सारण क्षेत्र, छपरा द्वारा एक कांड की समीक्षा के दौरान अनुसंधान में गंभीर लापरवाही और कर्तव्यहीनता सामने आई थी। इस मामले में थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण भी मांगा गया था, लेकिन पुलिस के अनुसार उनका जवाब असंतोषप्रद पाया गया। इसके बाद एसएसपी ने उन्हें निलंबित करने का आदेश जारी किया।
तीनों का पुलिस केंद्र में रहेगा मुख्यालय
निलंबित किए गए तीनों पुलिस पदाधिकारियों का निलंबन अवधि में मुख्यालय पुलिस केंद्र, सारण निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
SSP का साफ संदेश-लापरवाही बर्दाश्त नहीं
तीन थानेदारों पर एक साथ हुई कार्रवाई के बाद सारण पुलिस महकमे में स्पष्ट संदेश गया है कि पुलिसिंग में लापरवाही को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। एसएसपी विनीत कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को अपने दायित्वों का निष्ठा, तत्परता और जवाबदेही के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया है।
एसएसपी की ओर से स्पष्ट किया गया है कि कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही, शिथिलता और अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिसिंग की समीक्षा से बढ़ी जवाबदेही
सारण पुलिस की ओर से लगातार पुलिस पदाधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की जा रही है। कांडों के अनुसंधान और निष्पादन, वरीय अधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन, अधीनस्थों पर नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े दायित्वों में प्रदर्शन को कार्रवाई का आधार बनाया जा रहा है। तीन थानेदारों के निलंबन से यह संकेत साफ है कि थाना स्तर पर कामकाज में किसी भी तरह की लापरवाही अब भारी पड़ सकती है। पुलिस महकमे में अधिकारियों से समय पर कांडों का अनुसंधान, प्रभावी कार्रवाई और जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करने की अपेक्षा की जा रही है।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- August 27, 2026क्राइमChhapra Crime News: सारण का कुख्यात ‘टाइगर’ आखिरकार पुलिस के शिकंजे में, STF ने रचा गिरफ्तारी का जाल
- August 27, 2026छपरासारण में जयप्रभा सेतु से उफनती सरयू नदी में कूदी इंजीनियरिंग की छात्रा, तेज धारा में बहकर हुई लापता
- August 26, 2026छपराSaran Flood Alert: सारण में बाढ़ का खतरा बढ़ा, डीएम का बड़ा अलर्ट- अधिकारी छोड़ नहीं सकेंगे मुख्यालय
- August 26, 2026छपरासारण में बाढ़ का अलर्ट: 40 किलोमीटर तटबंध का DM-SSP ने किया निरीक्षण



