
छपरा। शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत दौलतगंज स्थित प्राचीन एवं आस्था के प्रमुख केंद्र धर्मनाथ धनी मंदिर में बुधवार की देर रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर के भीतर रखे दानपात्रों से नकदी और देवी-देवताओं के कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश देखा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह करीब 4 बजे जब मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर परिसर में रखे दो दानपात्र खुले हुए हैं और उनमें रखी नकद राशि गायब है। इसके साथ ही मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं के कीमती आभूषण भी नहीं मिले। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना भगवान बाजार थाना पुलिस को दी गई।
घटना स्थल पर पहुंचे एसएसपी सारण
सूचना मिलते ही भगवान बाजार थानाध्यक्ष सुभाष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थोड़ी देर बाद वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण डॉ. कुमार आशीष भी मंदिर परिसर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को घटना के त्वरित उद्भेदन, चोरी गए सामान की बरामदगी और अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद डॉग स्क्वॉड और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाया गया, जिसने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की वैज्ञानिक जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम द्वारा संभावित साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं, ताकि चोरों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।
सीसीटीवी फूटेज खंगाल रही है पुलिस
भगवान बाजार थाना पुलिस द्वारा इस मामले में कांड दर्ज कर गहन अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, साथ ही अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का मानना है कि जल्द ही इस चोरी का खुलासा कर लिया जाएगा।
सारण पुलिस ने आम जनता को आश्वस्त किया है कि इस घटना में शामिल दोषियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सारण पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
छपराApril 9, 2026दूल्हा-दुल्हन के साथ अब LPG गैस का भी इंतजाम जरूरी! बिहार में नया नियम लागू
छपराApril 9, 2026अब नहीं डूबेगा छपरा शहर! ड्रेनेज सिस्टम सुधारने मैदान में उतरे डीएम
छपराApril 9, 2026बेतिया राज जमीन पर सरकार का बड़ा फैसला, पुरानों को मालिकाना हक, नई नीति लागू
करियर – शिक्षाApril 8, 2026Astronomy Lab: प्राइवेट स्कूलों पर भारी पड़ा छपरा का ये सरकारी स्कूल, एस्ट्रोनॉमी लैब हुआ स्थापित







