
छपरा। सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र के अमनौर हरनारायण पंचायत स्थित मंगल बाजार गांव गुरुवार की सुबह उस समय दहशत और दहाड़ से गूंज उठा जब नाले के पानी गिराने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी रूप ले बैठा। मामूली तकरार मारपीट तक पहुंच गई और इस दौरान 55 वर्षीय टैम्पू चालक शैलेश गोस्वामी की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पाकर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, मोर्चा संभाला और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया।
पत्नी का आरोप – 19 लोगों ने मिलकर की हत्या
मृतक की पत्नी बिगन देवी ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आरोप लगाया गया है कि सुबह नाले का पानी सड़क पर गिराने को लेकर विवाद हुआ। विवाद गाली-गलौज से शुरू हुआ और देखते ही देखते लाठी-डंडा और रॉड से लैस करीब 19 लोग घर के पास पहुंचे और बर्बर तरीके से मारपीट कर उनके पति की हत्या कर दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गांव में तनाव, परिजनों का बुरा हाल
मृतक शैलेश गोस्वामी गांव के ही रहने वाले थे और टैम्पू चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह हरिशंकर गोस्वामी के इकलौते पुत्र थे। मृतक के छह पुत्र और दो पुत्रियाँ हैं, जिनमें दो पुत्र और एक पुत्री की शादी हो चुकी है। पिता की मौत से परिजन और गांव के लोग शोक में डूबे हैं। पत्नी बिगन देवी, बेटों और बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विवाद की जड़: नाले का गंदा पानी
गांववालों ने बताया कि हल्की बरसात के बाद भी लोग नाले का मुंह खोल देते हैं, जिससे गंदा पानी सांसद रूढ़ी के घर जाने वाली सड़क पर जमा हो जाता है। इससे आसपास के लोग परेशान रहते थे और आए दिन विवाद खड़ा हो जाता था। गुरुवार को भी पानी गिराने को लेकर विवाद छिड़ा जो अंततः मारपीट और मौत तक पहुंच गया।
हालांकि, गांव के कुछ लोगों का कहना है कि मारपीट के दौरान हार्ट अटैक आने से शैलेश की मौत हुई, जबकि परिजनों ने इसे सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि मृतक को हृदय रोग नहीं था और उनकी सीधी हत्या की गई है।
पुलिस की कार्रवाई
थानाध्यक्ष हेमंत कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी के बयान पर 19 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, बाकी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस गांव में कैंप कर रही है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- August 26, 2026छपराSaran Flood Alert: सारण में बाढ़ का खतरा बढ़ा, डीएम का बड़ा अलर्ट- अधिकारी छोड़ नहीं सकेंगे मुख्यालय
- August 26, 2026छपरासारण में बाढ़ का अलर्ट: 40 किलोमीटर तटबंध का DM-SSP ने किया निरीक्षण
- August 26, 2026छपराChhapra News: पुल की रेलिंग पर बैठना पड़ा भारी, सारण में नदी में गिरने से युवक की मौत
- August 26, 2026छपराfolk singer Shekhar Suman: छपरा के प्रसिद्ध लोक गायक शेखर सुमन ने नदी में कूदकर दी जान, तलाश में जुटी एसडीआरएफ



