थाने में सजी शादी की महफिल: प्रेमी-प्रेमिका ने लिए सात फेरे, पुलिसकर्मी और जनप्रतिनिधि बने गवाह
शिकायत लेकर पहुंचे परिजन, लेकिन थाने में बज उठी शहनाई

छपरा। सारण जिले के रिविलगंज थाना परिसर गुरूवार की देर शाम को एक अनोखी शादी का गवाह बना। प्रेम प्रसंग के चलते घर छोड़कर चले गए एक युवक और युवती ने पुलिस, जनप्रतिनिधियों और दोनों परिवारों की मौजूदगी में थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लिए। दोनों के बालिग होने और साथ रहने की इच्छा जताने के बाद आपसी सहमति से यह विवाह संपन्न कराया गया।
एक माह पूर्व घर से भागे थे प्रेमी-प्रेमिका
जानकारी के अनुसार, रिविलगंज थाना क्षेत्र के जासा के टोला गांव निवासी गौतम मांझी के पुत्र मंजी मांझी और उसी गांव के दिनानाथ मांझी की पुत्री झुनी कुमारी के बीच पिछले कई महीनों से प्रेम संबंध था। करीब एक माह पूर्व दोनों घर छोड़कर कहीं चले गए थे। हाल ही में युवक अपनी प्रेमिका के साथ गांव लौटा, जिसके बाद युवती के परिजनों ने इसकी शिकायत रिविलगंज थाने में की।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस दोनों को थाने लेकर आई। इसके बाद दोनों पक्षों के परिजनों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी बुलाया गया। थाना परिसर में काफी देर तक बातचीत और समझाइश का दौर चला। इस दौरान युवक और युवती ने स्पष्ट रूप से एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने की इच्छा जताई और शादी करने की बात कही।
पुलिस ने दोनों की उम्र की जांच की, जिसमें दोनों बालिग पाए गए। इसके बाद दोनों परिवारों की सहमति और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कराने का निर्णय लिया गया।
शिव मंदिर में पंडित गणेश मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की सभी रस्में संपन्न कराईं। वर-वधू ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। विवाह के दौरान दोनों परिवारों के सदस्य भी मौजूद रहे और नवदंपती को आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर रिविलगंज नगर पंचायत के चेयरमैन मुकेश यादव उर्फ सोनू, वार्ड पार्षद मनोज कुमार चौधरी, रिविलगंज थानाध्यक्ष राजीव कुमार, थाना के महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। थाना परिसर में संपन्न हुई यह शादी क्षेत्र में पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- July 11, 2026क्राइमChhapra Crime News: सारण में 15 वर्षों से फरार लाल वारंटी विरेश सिंह गिरफ्तार, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट में था वांटेड
- July 11, 2026बिहारअब घर बैठे होगा जमीन-फ्लैट का निबंधन, 75 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए बिहार सरकार की बड़ी सौगात
- July 10, 2026छपराMNREGA Scam In Chhapra: सारण में मनरेगा की 4 योजनाओं में घोटाला, अधिकारी समेत मुखिया पर FIR दर्ज, 3.21 लाख की वसूली के आदेश
- July 10, 2026करियर – शिक्षाBPSSC Prohibition SI Exam: सारण के 26 केंद्रों पर होगी मद्य निषेध सब-इंस्पेक्टर की परीक्षा, 13 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल



