छपरा रेलवे कॉलोनी में बना आकर्षक ग्रीन पार्क, जहाँ खिलखिलाएंगे बच्चे, टहलेंगे बुजुर्ग
रेलवे कर्मचारियों को मिली बड़ी सौगात
छपरा। रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में वाराणसी मंडल ने एक सराहनीय पहल की है। मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन की प्रेरणा से इंजीनियरिंग विभाग द्वारा छपरा रेलवे स्टेशन के निकट कृष्णानगर रेलवे कॉलोनी में लंबे समय से खाली पड़ी भूमि को विकसित कर उसे एक सुंदर और उपयोगी हरित पार्क का स्वरूप दिया गया है। यह पार्क न केवल बच्चों के मनोरंजन का केंद्र बनेगा, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों और कर्मचारियों के लिए भी सुकून भरा स्थान साबित होगा।
इस पार्क का निर्माण इंजीनियरिंग विभाग के साथ पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग विभाग के सहयोग से किया गया है। परियोजना को धरातल पर उतारने में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (द्वितीय) विनीत कुमार एवं सहायक मंडल इंजीनियर (छपरा) ए.के. राय ने सक्रिय भूमिका निभाई। खाली और उपेक्षित भूमि की व्यापक साफ-सफाई कर वहां सजावटी व छायादार पौधों का रोपण किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र की तस्वीर ही बदल गई है।
आकर्षक सुविधाएं पार्क की खास पहचान
पार्क को इस तरह विकसित किया गया है कि हर आयु वर्ग के लोग इसका लाभ उठा सकें। छोटे बच्चों के लिए यहां विभिन्न प्रकार के झूले और खेल उपकरण लगाए गए हैं, ताकि वे सुरक्षित वातावरण में खेल सकें। वहीं कर्मचारियों, वरिष्ठ नागरिकों और बुजुर्गों के लिए मॉर्निंग वॉक एवं जॉगिंग ट्रैक के साथ-साथ बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। बच्चों के लिए अलग खेल मैदान और आकर्षक सुविधाएं पार्क की खास पहचान बन रही हैं।
पार्क में लगाए गए विभिन्न किस्म के फूल और पौधे इसकी सुंदरता को और भी निखारते हैं। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण के अनुकूल कूड़ेदान, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा पीने के पानी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे लोग सुबह और शाम दोनों समय आराम से पार्क का उपयोग कर सकें।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने पार्क के निर्माण पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे रेलवे कर्मचारियों एवं उनके बच्चों के हित में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह पार्क न केवल हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण को शुद्ध रखने में सहायक होगा, बल्कि रेलवे कॉलोनी में रहने वाले बच्चों को खेलने के लिए एक सकारात्मक और सुरक्षित माहौल भी प्रदान करेगा।
उन्होंने रेलवे कॉलोनी में निवास करने वाले कर्मचारियों से अपील की कि वे इस पार्क की स्वच्छता और रख-रखाव का विशेष ध्यान रखें, ताकि यह पार्क लंबे समय तक सभी के लिए उपयोगी बना रहे। यह हरित पार्क अब कृष्णानगर रेलवे कॉलोनी के लिए एक नई पहचान बनकर उभर रहा है और लोगों को प्रकृति के और करीब लाने का कार्य कर रहा है।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- November 21, 2026छपरासोनपुर मेले में जाने से पहले जान लें ट्रैफिक का नया नियम! 22 से 28 नवंबर तक बदले रहेंगे कई रास्ते, पुराने गंडक पुल पर भी पाबंदी
- November 20, 2026छपरासारण में प्रेमिका से शादी के लिए टावर पर चढ़ा युवक अब गिरफ्तार, 6 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने बचाई थी जान
- November 20, 2026क्राइमसारण में नशे के कारोबार पर पुलिस का प्रहार, शराब के 5 कारोबारी समेत 27 गिरफ्तार
- November 20, 2026छपरासोनपुर मेले में झूलों की रंगीन दुनिया करेगी पर्यटकों का स्वागत, ब्रेक डांस से ड्रैगन ट्रेन तक होगा रोमांच का सफर



