सारण में 589 करोड़ की लागत से गंडक नदी पर बनेगा 2.28 KM लंबा पुल
परियोजना का डीएम ने किया निरीक्षण

छपरा। जिले में आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना पर तेजी से काम शुरू होने जा रहा है। फतेहाबाद–चंचलिया पुल सह पथ निर्माण योजना के तहत गंडक नदी पर एक लंबा पुल और संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल लागत करीब 589 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। गुरुवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने पूरे प्रोजेक्ट क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और प्रस्तावित मार्ग का जायजा लिया।
2.28 किलोमीटर लंबा पुल बनाया जाएगा
जानकारी के अनुसार इस योजना का क्रियान्वयन Bihar State Bridge Construction Corporation Limited द्वारा किया जा रहा है। कुल 5.8 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के अंतर्गत गंडक नदी पर करीब 2.28 किलोमीटर लंबा पुल बनाया जाएगा। पुल के निर्माण से सारण जिले को मुजफ्फरपुर जिले से एक अतिरिक्त सड़क संपर्कता मिलेगी, जिससे दोनों जिलों के बीच आवागमन काफी सुगम हो जाएगा और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
जिलाधिकारी ने किया परियोजना का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव गंडक नदी के तट तक पहुंचे और पूरे प्रस्तावित स्ट्रेच का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजना के तहत बनने वाली सड़क का मार्ग रेखन (अलाइनमेंट) शीघ्र पूरा किया जाए। इसके लिए तरैया के अंचलाधिकारी और मढ़ौरा के भूमि सुधार उपसमाहर्ता को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने इस परियोजना के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी अविलंब शुरू करने का निर्देश दिया, ताकि निर्माण कार्य समय पर प्रारंभ हो सके। उन्होंने कहा कि परियोजना की प्रगति में किसी प्रकार की प्रशासनिक बाधा नहीं आने दी जाएगी और सभी विभागों के समन्वय से इसे जल्द से जल्द आगे बढ़ाया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परियोजना के वर्तमान प्रस्तावित एंड पॉइंट को सारण तटबंध के भलुआ ढाला तक विस्तारित करने के लिए नया प्रस्ताव तैयार किया जाए। इससे सारण तटबंध पर बन रही सड़क के माध्यम से दोनों दिशाओं में वाहनों का सुचारु और व्यवस्थित परिचालन सुनिश्चित हो सकेगा।
इसके साथ ही भलुआ ढाला के पास सारण तटबंध मार्ग पर दोनों ओर जाने के लिए अलग-अलग स्पर (सड़क संपर्क) बनाए जाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस व्यवस्था को भी नए प्रस्ताव में शामिल किया जाए, ताकि भविष्य में यातायात की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
इस दौरान निरीक्षण में भूमि सुधार उपसमाहर्ता मढ़ौरा, पुल निर्माण निगम के अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी तरैया, अंचलाधिकारी तरैया सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मी मौजूद थे। प्रशासन का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और व्यापारिक व सामाजिक गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- July 8, 2026छपराRojagar Mela Chhapra: छपरा के 100 बेरोजगार युवकों को मिलेगी नौकरी, 25 हजार तक मिलेगा वेतन
- July 8, 2026करियर – शिक्षाबिहार में 101 अनुमंडलों में 720 बालक एवं 520 बालिका बेड की क्षमता वाले नए कन्या आवासीय विद्यालय खुलेंगे
- July 8, 2026क़ृषिMoti ki Kheti: तालाब से निकलेगा ‘सफेद सोना’, बिहार में मछली के साथ होगी मोती की खेती, 60% सब्सिडी देगी सरकार
- July 8, 2026छपराSaran News: रेलवे ओवरब्रिज पर दर्दनाक हादसा, डिवाइडर से टकराई बाइक, पुल से नीचे गिरकर युवक की मौत



