
छपरा। सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बालक शिवम के अपहरण के बाद निर्मम हत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के निर्देश पर गुरुवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने मंदरौली गांव स्थित शिवम के पिता राजन गुप्ता के आवास पर पहुँचा और परिजनों से मिलकर उनकी पीड़ा सुनी।
प्रतिनिधिमंडल में राजद के प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू, मढ़ौरा विधायक जितेंद्र प्रसाद राय, परसा विधायक डॉ. करिश्मा राय, गरखा विधायक सुरेंद्र राम (निर्भय अंबेडकर), सारण जिलाध्यक्ष सुनील राय सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल थे। नेताओं ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि न्याय की इस लड़ाई में राजद पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।
पीड़ित पिता का फूटा दर्द, रो-रोकर सुनाई आपबीती
पीड़ित पिता राजन गुप्ता ने नेताओं के सामने अपनी व्यथा साझा करते हुए कहा कि यदि समय रहते सभी ने साथ दिया होता और पुलिस ने तत्परता दिखाई होती, तो आज उनका आंगन सूना नहीं होता। उन्होंने कहा कि उनके 12 वर्षीय बेटे शिवम का 31 दिसंबर 2025 को अपहरण कर लिया गया था, लेकिन कई दिनों तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अंततः 10 जनवरी 2026 को शिवम का शव बरामद होना पूरे परिवार के लिए वज्रपात से कम नहीं था।
पुलिस लापरवाही का आरोप, कानून-व्यवस्था पर सवाल
राजद नेताओं ने इस घटना को जघन्य और अमानवीय अपराध बताते हुए कहा कि यदि पुलिस ने प्रारंभिक स्तर पर गंभीरता दिखाई होती तो शिवम की जान बचाई जा सकती थी। नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही और निष्क्रियता के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हुए और मासूम बच्चे की हत्या हो गई। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि बिहार की चरमराती कानून-व्यवस्था का आईना है।
बिहार में अपराध बेलगाम, सरकार पूरी तरह विफल: राजद
राजद प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आज बिहार में कोई भी सुरक्षित नहीं है। पूर्णिया में गैंगरेप, खगड़िया में मासूम बच्ची से दुष्कर्म, पटना जैसे बड़े शहर में हत्या की घटनाएं और अब अमनौर में 12 वर्षीय बालक की हत्या यह साबित करती है कि राज्य में अपराध चरम पर है। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय आंदोलन कर रहे आम लोगों पर दमनात्मक कार्रवाई कर रही है।
डीजीपी से मुलाकात और विधानसभा में मुद्दा उठाने का ऐलान
प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले की विस्तृत जानकारी नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को दी जाएगी। उनके नेतृत्व में जल्द ही डीजीपी से मुलाकात कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की जाएगी। साथ ही आगामी बिहार विधानसभा के बजट सत्र में इस मामले को प्रमुखता से उठाकर सरकार को कठघरे में खड़ा किया जाएगा।
यह राजनीति नहीं, न्याय की लड़ाई है: राजद
राजद नेताओं ने कहा कि यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि न्याय और इंसानियत का सवाल है। शिवम एक गरीब चाय दुकानदार का इकलौता पुत्र था, जिसकी निर्मम हत्या ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। नेताओं ने दो टूक कहा कि राष्ट्रीय जनता दल गरीबों, कमजोरों और पीड़ितों की आवाज बनकर इस लड़ाई को अंतिम दम तक लड़ेगा और जब तक शिवम को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
ग्रामीणों की भारी मौजूदगी, माहौल गमगीन
इस मौके पर पूर्व मुखिया रमेश राय, राजद नेता संतोष गुप्ता, राजद अध्यक्ष मुन्ना चौहान, उप प्रमुख बिक्की राय सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने भी एक स्वर में दोषियों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- October 21, 2026Railway Updateछपरा-सीवान के यात्रियों को रेलवे की सौगात! चंडीगढ़-बरौनी के बीच चलेगी त्योहार स्पेशल ट्रेन, जानें पूरा शेड्यूल
- October 21, 2026Railway UpdateRailway Alert: छपरा-दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस का ठहराव रद्द, 7 ट्रेनों के परिचालन में बदलाव; यात्रा से पहले जानें अपडेट
- October 21, 2026छपरासारण में गृह रक्षक भर्ती में बड़ा बदलाव: 3 अभ्यर्थियों का चयन रद्द, प्रतीक्षा सूची से नए उम्मीदवारों को मौका
- October 21, 2026करियर – शिक्षाछपरा में 24 अक्टूबर को होगी सिमुलतला आवासीय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा, 396 परीक्षार्थी होंगे शामिल



