छपरा में नॉमिनेशन के दौरान नगरपालिका चौक से थाना चौक तक सामान्य यातायात पर रोक

छपरा : सारण लोकसभा आम चुनाव की प्रक्रिया के तहत नामांकन के अवसर पर विधि व्यवस्था एवं सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी अमन समीर एवं पुलिस अधीक्षक डॉ० गौरव मंगला द्वारा सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफ़िंग की गई।
बताया गया कि नामांकन के अवसर पर समाहरणालय परिसर एवं इसके पास त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
नामांकन के अवसर पर सारण एवं महाराजगंज के लिये निर्धारित तिथियों एवं अवधि में समाहरणालय परिसर के दोनों तरफ थाना चौक एवं म्युनिसिपल चौक के बीच सामान्य यातायात अवरुद्ध रहेगा। नामांकन हेतु आने वाले प्रत्याशी दोनों चौक से आगे समाहरणालय के प्रवेश द्वार तक अधिकतम 3 वाहन के साथ आ सकते हैं। समाहरणालय के प्रवेश द्वार से पैदल निर्वाची पदाधिकारी के कक्ष तक जायेंगे। निर्वाची पदाधिकारी के कक्ष में प्रत्याशी के साथ अधिकतम 4 व्यक्ति, कुल 5 व्यक्ति प्रवेश कर सकेंगे। प्रत्याशी या उनके साथ आने वाले विशिष्ट व्यक्ति को दी गई निर्धारित श्रेणी की सुरक्षा के तहत अनुमान्य सुरक्षा पदाधिकारी/कर्मी उनके साथ समाहरणालय परिसर में प्रवेश कर सकेंगे।
नामांकन के अवसर पर प्रभावी की जाने वाली व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक स्थलों पर बैरिकेडिंग एवं ड्रॉप गेट बनाया गया है। सारण लोकसभा के लिये 26 अप्रैल से 3 मई की अवधि में 27अप्रैल, 28 अप्रैल एवं 1 मई को छोड़कर शेष दिन प्रातः11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नामांकन दाखिल किया जा सकेगा। इसके लिये प्रत्याशी समाहरणालय के गेट नंबर-A (थाना चौक की तरफ वाला गेट) से प्रवेश करेंगे। महाराजगंज लोकसभा के लिये 29 अप्रैल से 6 मई की अवधि में 1 एवं 5 मई को छोड़कर शेष तिथियों को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नामांकन दाखिल किया जा सकेगा।इसके लिये प्रत्याशी समाहरणालय के गेट नंबर-C (निगम चौक की तरफ वाला गेट) से प्रवेश करेंगे। अनुमान्य वाहनों की पार्किंग के लिये सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर, डीआरडीए भवन परिसर एवं जिला परिषद कार्यालय परिसर में स्थल निर्धारित किया गया है।
सभी महत्वपूर्ण स्थलों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी पदाधिकारियों से एक एक कर उनके कर्तव्य स्थल/प्रतिनियुक्ति स्थल के बारे में जानकारी ली गई तथा आवश्यक निदेश दिया गया। सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित रखते हुए अपने कर्तव्य का निर्वहन सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त,अपर समाहर्त्ता, अनुमंडल पादधिकारी सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, कोषांग के नोडल पदाधिकारी, सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी आदि उपस्थित थे।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- October 23, 2026Technologyमलेशिया में Airtel की रोमिंग फेल, पटना में कंपनी पर लगा ₹1.25 लाख का हर्जाना
- October 23, 2026छपरासारण में पटाखों की बिक्री पर सख्ती! ग्रीन पटाखों को ही मिल सकती है मंजूरी, रात 8 से 10 बजे तक आतिशबाजी
- October 23, 2026छपराChhapra Job Alert: छपरा में 3 नवंबर को लगेगा रोजगार मेला, 10वीं पास से बीटेक डिग्रीधारकों तक को मिलेगा मौका
- October 23, 2026छपरासारण शिक्षक चुनाव में जन सुराज प्रत्याशी आफाक अहमद पर FIR, आचार संहिता उल्लंघन का आरोप



