बिहार

Reels Creators: बिहार के इन्फ्लुएंसर्स के लिए सुनहरा मौका! श्रावणी मेले का वीडियो बनाकर जीत सकते हैं 3 लाख रुपये

इन्फ्लुएंसर्स की नजर से दुनिया देखेगी श्रावणी मेले की आस्था और संस्कृति

पटना। श्रावणी मेले की भक्ति, संस्कृति और रंग अब सोशल मीडिया के जरिए दुनिया तक पहुंचेंगे। पर्यटन विभाग ने ‘श्रावणी मेला 2026: इंफ्लुएंसर की नजर से’ वीडियो मेकिंग प्रतियोगिता की घोषणा की है। इस पहल के तहत रचनात्मक वीडियो तैयार करने वाले कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स को 25 हजार से 3 लाख रुपये तक के आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।

25 हजार फॉलोअर्स वाले कंटेंट क्रिएटर्स ले सकेंगे भाग

पर्यटन विभाग के अनुसार प्रतियोगिता में फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और यूट्यूब पर कुल मिलाकर न्यूनतम 25 हजार फॉलोअर्स वाले कंटेंट क्रिएटर्स और इंफ्लुएंसर्स भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमश तीन लाख, दो लाख और एक लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा चतुर्थ स्थान पर रहने वाले दो प्रतिभागियों को 50-50 हजार रुपये, जबकि पांच प्रतिभागियों को 25-25 हजार रुपये के प्रशंसा पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

मुंगेर, बांका और भागलपुर के कांवरिया पथ पर बनानी होगी वीडियो

विभाग की ओर से आयोजित होने वाला श्रावणी मेला 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलेगा। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को मुंगेर, बांका एवं भागलपुर स्थित कांवरिया पथ तथा श्रावणी मेले से जुड़े धार्मिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पर्यटन स्थलों पर आधारित वीडियो अथवा रील तैयार करनी होगी। तैयार वीडियो को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने के साथ विभागीय उपयोग के लिए भी उपलब्ध कराना होगा।

30 सेकेंड से दो मिनट तक होगी वीडियो की अवधि

पर्यटन विभाग ने वीडियो की अवधि न्यूनतम 30 सेकेंड और अधिकतम दो मिनट निर्धारित की है। गूगल फ्रॉम से प्राप्त वीडियो को निर्णायक मंडल द्वारा चेक किया जाएगा। चयनित वीडियो को विभागीय सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया जायेगा। पोस्ट के बाद 45 दिनों तक वीडियो के रीच, लाइक्स और शेयर की संख्या के आधार पर समीक्षा की जाएगी। एक्स यानी ट्विटर के मामले में रीट्वीट को शेयर माना जाएगा। सभी को जोड़कर जिसकी संख्या अधिक होगी उसे विजेता घोषित किया जायेगा। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी पर्यटन विभाग की आधिकारिक ई-मेल आईडी dir-tourism-bih@nic.in पर संपर्क कर सकते हैं।

वीडियो कब बनाएं और कब जमा करें

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतिभागियों को प्रथम सोमवारी यानी 03 अगस्त 2026 के बाद अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो जारी करनी होगी। दूसरी सोमवारी यानी 10 अगस्त 2026 के बाद दो दिनों के भीतर यानी 13 अगस्त तक संबंधित वीडियो विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। वीडियो में किसी प्रकार की आपत्तिजनक, विवादित या थर्ड पार्टी अधिकारों का उल्लंघन करने वाली सामग्री नहीं होनी चाहिए। साथ ही वीडियो में लोगो, वॉटरमार्क या दूसरे पहचान चिह्न नहीं होना चाहिए। इस प्रतियोगिता के लिए किसी भी परिस्थिति में एआई का उपयोग स्वीकार्य नहीं होगा।

Author Profile

Ganpat Aryan
Ganpat Aryan
वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Ganpat Aryan

वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Related Articles

Back to top button