Amrit Bharat Train: छपरा को मिली अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात, अब प्रीमियम ट्रेन से होगी लंबी दूरी की यात्रा
यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
छपरा। रेलवे प्रशासन ने यात्री जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक और महत्वपूर्ण पहल की है। पूर्वोत्तर भारत को उत्तर प्रदेश से जोड़ने के उद्देश्य से डिब्रूगढ़–गोमतीनगर–डिब्रूगढ़ अमृत भारत एक्सप्रेस (15949/15950) के संचलन की घोषणा की गई है। इस नई ट्रेन का शुभारंभ 18 जनवरी 2026 को डिब्रूगढ़ से 05949 डिब्रूगढ़–गोमतीनगर अमृत भारत उद्घाटन विशेष गाड़ी के रूप में किया जाएगा। यह ट्रेन गैर-वातानुकूलित श्रेणी की प्रीमियम ट्रेन होगी, जो यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ किफायती और सुरक्षित यात्रा का अनुभव प्रदान करेगी।
18 जनवरी से पटरी पर दौड़ी ट्रेन
विशेष गाड़ी 18 जनवरी 2026 को डिब्रूगढ़ से सुबह 11.00 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन मोराणहाट, सिमालगुड़ी, मरियानी, फरकाटिंग, दीमापुर, दीफू, लम्डिंग, होजई, चापरमुख, जागी रोड, गुवाहाटी, कामाख्या, रंगिया, नलबाड़ी, बारपेटा रोड, न्यू बोंगाईगांव, कोकराझार, न्यू अलीपुरद्वार, न्यू कूचबिहार, न्यू जलपाईगुड़ी, अलुआबाड़ी रोड, किशनगंज, बारसोई, कटिहार, नौगछिया, खगड़िया, बेगूसराय, बरौनी, हाजीपुर, सोनपुर, छपरा, सीवान, देवरिया सदर, गोरखपुर, खलीलाबाद, मनकापुर, अयोध्या धाम, अयोध्या कैंट और बाराबंकी होते हुए तीसरे दिन सुबह 9.00 बजे गोमतीनगर पहुंचेगी।
इस उद्घाटन विशेष गाड़ी में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें शयनयान श्रेणी के 08 कोच, साधारण द्वितीय श्रेणी के 11 कोच, 02 एसएलआरडी कोच तथा 01 पैंट्री कार शामिल है।
अमृत भारत एक्सप्रेस में यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधा
रेलवे अधिकारियों के अनुसार अमृत भारत एक्सप्रेस यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं और सुरक्षा का नया मानक स्थापित करती है। यह पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक पर आधारित ट्रेन है, जो आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को मजबूती देती है। तकनीकी दृष्टि से यह ट्रेन अत्यंत सुरक्षित है। इसमें कवच सिस्टम, सेमी ऑटोमैटिक कपलर, क्रैश ट्यूब और ईपी-असिस्टेड ब्रेक सिस्टम लगाए गए हैं, जिससे आपात स्थिति में तुरंत ब्रेक लगाया जा सके और दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके।
इस ट्रेन के सभी कोच सील्ड गैंगवे और वैक्यूम एवैक्यूएशन सिस्टम से युक्त हैं। सेमी ऑटोमैटिक कपलर के कारण कोचों को जोड़ते या अलग करते समय झटका या शोर नहीं होता, वहीं डिफॉर्मेशन ट्यूब दुर्घटना की स्थिति में झटके को कम करने में मदद करती है। पुश-पुल तकनीक ट्रेन की गति और परिचालन क्षमता को बेहतर बनाती है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अमृत भारत एक्सप्रेस के कोचों में फोल्डेबल स्नैक्स टेबल, मोबाइल होल्डर, बोतल होल्डर, रेडियम फ्लोर स्ट्रिप्स, आरामदायक सीटें और बेहतर बर्थ उपलब्ध कराए गए हैं। प्रत्येक शौचालय में इलेक्ट्रो-न्यूमेटिक फ्लशिंग सिस्टम, ऑटोमैटिक सोप डिस्पेंसर और फायर सप्रेशन सिस्टम की सुविधा दी गई है। इसके साथ ही दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष शौचालय की व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा, हर यात्री के लिए फास्ट चार्जिंग पोर्ट और ट्रेन में पैंट्री कार की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे लंबी दूरी की यात्रा और अधिक आरामदायक बन सके।
रेलवे प्रशासन का मानना है कि अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन से पूर्वोत्तर और उत्तर भारत के बीच आवागमन को नई गति मिलेगी और यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं किफायती यात्रा का बेहतर विकल्प प्राप्त होगा।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- October 25, 2026छपराAtal Ghat Chhapra: अटल घाट बनेगा आस्था और सुकून का नया ठिकाना! बनेगा वॉकिंग ट्रैक, रोशनी और हरियाली से निखरेगा परिसर
- October 25, 2026छपराSonpur Mela: सोनपुर मेला में बनेगा 500 अस्थायी शौचालय, व्यवस्थित पार्किंग और जाम से निपटने की तैयारी
- October 23, 2026Technologyमलेशिया में Airtel की रोमिंग फेल, पटना में कंपनी पर लगा ₹1.25 लाख का हर्जाना
- October 23, 2026छपरासारण में पटाखों की बिक्री पर सख्ती! ग्रीन पटाखों को ही मिल सकती है मंजूरी, रात 8 से 10 बजे तक आतिशबाजी



