सारण के शिक्षकों को मिलेगा न्याय? डॉ राहुल राज ने की सचिव से दो टूक मांग
शिक्षकों के अधिकारों की लड़ाई तेज

छपरा। सारण जिले के रिविलगंज प्रखंड प्रमुख एवं सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के सक्रिय व कर्मठ प्रत्याशी डॉ राहुल राज ने शिक्षकों की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के सचिव से विशेष मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के प्रोन्नति (पदोन्नति) और जिले के भीतर स्थानांतरण से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों को प्रमुखता से उठाया और उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
प्रोमोशन का मुद्दा उठाया
मुलाकात के दौरान डॉ राहुल राज ने सचिव (माध्यमिक शिक्षा) को अवगत कराया कि शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के संकल्प संख्या–07/प्र०, दिनांक 03.08.2025 (रिज़ोल्यूशन संख्या 4207, दिनांक 22.11.2025) के तहत कक्षा 9–10 के विशिष्ट शिक्षक/विद्यालय अध्यापक को कक्षा 11–12 के विशिष्ट शिक्षक/विद्यालय अध्यापक के पद पर प्रोन्नति का प्रावधान किया गया है। साथ ही संकल्प संख्या–07/प्र०, दिनांक 03.08.2025 (रिज़ोल्यूशन संख्या 142) के अंतर्गत 12 जनवरी 2026 से कक्षा 11–12 के विद्यालय अध्यापक/विशिष्ट शिक्षक के पद पर स्वैच्छिक उन्नयन (प्रमोशन) की व्यवस्था लागू की गई है।
डॉ राहुल राज ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि माध्यमिक शिक्षकों की पदोन्नति के लिए रिक्ति की बाध्यता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्षों से सेवा दे रहे अनुभवी एवं वरिष्ठ शिक्षकों को पदोन्नति नहीं मिलने से विभाग में असंतोष का माहौल बन रहा है, जिसका प्रतिकूल प्रभाव शैक्षणिक वातावरण पर भी पड़ रहा है।
ट्रांसफर पोस्टिंग पर हुई चर्चा
उन्होंने यह भी बताया कि स्थानांतरण के लिए जिला के भीतर जिला पदाधिकारी को सक्षम प्राधिकारी बनाया गया है, इसके बावजूद कई जिलों में अब तक स्थानांतरण प्रक्रिया प्रारंभ नहीं हो सकी है। इस स्थिति को देखते हुए डॉ राहुल राज ने शिक्षा सचिव से अपील की कि जिला पदाधिकारियों को स्पष्ट, ठोस एवं समयबद्ध दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि शिक्षकों का स्थानांतरण सरल, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से सुनिश्चित हो सके।
शिक्षा सचिव ने डॉ राहुल राज द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने तथा प्रक्रिया को पूर्ण कराने का आश्वासन दिया।
डॉ राहुल राज ने शिक्षकों के हित में सकारात्मक पहल के लिए शिक्षा सचिव का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे आगे भी शिक्षकों की समस्याओं को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाते रहेंगे।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
छपराFebruary 4, 2026सारण के शिक्षकों को मिलेगा न्याय? डॉ राहुल राज ने की सचिव से दो टूक मांग
छपराFebruary 4, 2026छपरा में गंदे पानी का होगा वैज्ञानिक उपचार, दूधिया पोखरा में बनेगा वेस्ट वॉटर स्टैबिलाइजेशन पॉन्ड
क्राइमFebruary 4, 2026illegal Mining: सारण में खनन माफिया पर बड़ी कार्रवाई, रातों-रात छापेमारी में 76 लाख का जुर्माना
क्राइमFebruary 3, 2026Saran News: सारण में 12 दिन से लापता युवक का तालाब में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस







