छपरा

अब नहीं डूबेगा छपरा शहर! डीएम खुद उतरे मैदान में, मैराथन निरीक्षण किया

मानसून से पहले एक्शन में डीएम वैभव श्रीवास्तव

छपरा: आगामी मानसून को देखते हुए छपरा शहर को जलजमाव की समस्या से पूरी तरह सुरक्षित रखने के लिए जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। सारण के जिलाधिकारी  वैभव श्रीवास्तव ने शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों का सघन स्थलीय निरीक्षण कर नाला सफाई, अधूरे निर्माण कार्य, अतिक्रमण और जल निकासी व्यवस्था की जमीनी हकीकत का जायजा लिया।

जल्द हीं नाला सफाई का कार्य पूरा करने का आदेश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने साफ शब्दों में कहा कि बारिश के दौरान शहरवासियों को जलजमाव की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और जल निकासी से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि नाला सफाई एवं अधूरे निर्माण कार्य हर हाल में 31 मई 2026 तक पूर्ण कर लिए जाएं। डीएम ने सड़क एवं नाला निर्माण से जुड़ी एजेंसियों को आपसी समन्वय बनाकर युद्धस्तर पर कार्य करने का निर्देश दिया ताकि मानसून शुरू होने से पहले शहर की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त हो सके।

सारण के सरकारी स्कूल होंगे हाईटेक और स्मार्ट, डीएम का बड़ा फैसला

साढ़ा ढाला से कदम चौक तक नाले का निरीक्षण

जिलाधिकारी ने साढ़ा ढाला ओवरब्रिज के नीचे से कदम चौक हनुमान मंदिर तक निर्मित नाले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कदम चौक के समीप नाला निर्माण का कुछ हिस्सा अब भी अधूरा है।

इस पर अंचलाधिकारी सदर छपरा को तत्काल जमीन की मापी कर ‘राइट ऑफ वे’ (ROW) के अंतिम छोर तक नाला निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया गया। वहीं बुडको (BUIDCO) को शेष निर्माण कार्य तुरंत पूरा करने का आदेश दिया गया।

 जगदम कॉलेज क्षेत्र में डीप क्लीनिंग का निर्देश

IPS-C से प्रभुनाथ नगर की ओर जाने वाले नाले की गहरी सफाई और पक्के निर्माण को पंचायत समिति के माध्यम से सुनिश्चित कराने को कहा गया। बुढ़िया माई बचपन प्ले स्कूल के समीप नगर निगम द्वारा कराई जा रही नाला सफाई का भी डीएम ने निरीक्षण किया तथा जगदम कॉलेज तक पूरे नाले और पुलिया की डीप क्लीनिंग कराने का निर्देश दिया।

 रामनगर और भुतहा ढाला पर विशेष फोकस

साढ़ा ढाला के नीचे स्थित कल्वर्ट की संपूर्ण सफाई नगर निगम को कराने का निर्देश दिया गया। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है। मठिया मोड़ स्थित कल्वर्ट की सफाई एवं नाला निर्माण का कार्य बुडको को सौंपा गया, जबकि मठिया मोड़ से दूधिया पोखर तक पुराने नाले की सफाई पथ निर्माण विभाग (RCD) करेगा।

 सारण पुलिस ने वांटेड कुख्यात अपराधी सौरभ सिंह को किया गिरफ्तार

डीएम ने अनुमंडल पदाधिकारी सदर को इस पूरे क्षेत्र से तत्काल अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। रामनगर नाले की सफाई कार्य का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। वहीं भुतहा ढाला स्थित कल्वर्ट की सफाई के लिए नगर निगम को रेलवे प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य शीघ्र पूरा करने का आदेश दिया गया।

भिखारी ठाकुर चौक से छोटा तेलपा तक सफाई पूरी

नगर निगम द्वारा भिखारी ठाकुर चौक से छोटा तेलपा तक नाले की सफाई पूरी कर ली गई है। हालांकि सड़क के नीचे स्थित कल्वर्ट की सफाई अभी बाकी है। डीएम ने इस कार्य को उच्च प्राथमिकता पर पूरा करने तथा लंबित टेंडर प्रक्रिया को तत्काल निष्पादित करने का निर्देश दिया।

 निर्माण कार्य तेज करने का आदेश

पुलिस लाइन के समीप अतिक्रमण हटाए जाने के बाद रुका हुआ नाला निर्माण कार्य फिर से शुरू कर दिया गया है। पुल निर्माण निगम को तीन दिनों के भीतर शेष कार्य पूरा करने और पूरे नाले को ढकने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही नालों में जाली (Seive) लगाने का भी आदेश दिया गया ताकि कचरा आगे बहकर जल निकासी को बाधित न करे। करीमचक से दक्षिण स्लुइस गेट तक नाले का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। बुडको को शेष कार्य 31 मई तक पूर्ण करने और पूरे नाले को कवर करने का निर्देश दिया गया। साथ ही उत्तर दिशा के नाले से मलबा हटाने को कहा गया।

गाद हटाने के लिए सुपर सकर मशीन का इस्तेमाल

पटेल छात्रावास से रेलवे लाइन तक निर्माणाधीन नाले को 31 मई तक पूरा करने का निर्देश दिया गया। इस क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के लिए चल रहे वादों का शीघ्र निष्पादन कर कार्रवाई तेज करने को कहा गया।

पटेल छात्रावास से सुधा मिल्क पार्लर तक नाले में भारी मात्रा में गाद मिलने पर बुडको को तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया गया। जरूरत पड़ने पर सुपर सकर मशीन के उपयोग का भी आदेश दिया गया।

सड़क निर्माण और ट्रैफिक प्रबंधन पर भी निर्देश

साहेबगंज से मौना चौक होते हुए साढ़ा ढाला तक सड़क निर्माण के लिए पथ निर्माण विभाग को शीघ्र प्राक्कलन तैयार कर विभाग को भेजने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा थाना चौक से साहेबगंज तक सड़क के दक्षिणी हिस्से में ट्रैफिक प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए ROW के अंत में बैरिकेडिंग कराने का निर्देश नगर निगम को दिया गया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, परियोजना निदेशक बुडको, पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता, नगर निगम एवं बुडको के अभियंता तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Author Profile

Ganpat Aryan
Ganpat Aryan
वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Ganpat Aryan

वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Related Articles

Back to top button