DM ने दिया निर्देश: छठ पूजा के दौरान निजी नावों पर रहेगा प्रतिबंध

छपरा

छपरा : सारण समाहरणालय सभागार में आयोजित दीपावली एवं छठ पूजा से संबंधित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी राजेश मीणा के द्वारा बताया गया कि इस वर्ष दीपावली 24 अक्टूबर 2022 को एवं लोक आस्था का महान पर्व छठ दिनांक 28 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 22 तक मनाया जायेगा। छठ पर्व 28.10.2022 को नहाय खाय से शुरु होकर 30.10.2022 को संध्या समय और 31.10.2022 को सूर्योदय के समय अर्घ्य प्रदान कर यह पर्व संपन्न होगा। बैठक में जिलाधिकारी के द्वारा सारणवासियों से छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं आपसी सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील भी की गयी।

विशेष रुप से छठ पर्व के अवसर पर नदियों, तालाबों और छठ घाटों पर श्रद्धालुओं, छठ व्रतियों एवं इनके परिवार के सदस्यों की भारी भीड़ होती है। छठ पूजा के दौरान संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिये पर्याप्त सतर्कता अपेक्षित है। बैठक में शान्ति व्यवस्था, साम्प्रदायिक सौहार्द, स्थानीय सहिष्णुता बनाए रखने तथा शान्तिपूर्ण ढंग से पर्व संपन्न कराने हेतु पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि छठ पर्व शुद्धता और स्वच्छता का पर्व होता है। छठ व्रतियों के आवागमन के मार्ग साफ-सफाई का विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। छठ पूजा में नदी घाटों, बड़े जलाशयों में नावों का परिचालन होता है। छठ घाटों पर प्रतिनियुक्त बल तथा दण्डाधिकारी नावों पर ओवर लोडिंग पर प्रतिबंध लगाना सुनिश्चित करेंगे। निजी नावों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रखने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी के द्वारा नगर आयुक्त, छपरा नगर निगम, सभी अनुमण्डल पदाधिकारी, सभी कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और सभी अंचलाधिकारी को अपने अपने क्षेत्रान्तर्गत छठ घाट जाने वाले मार्गो का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित कर लेने का निर्देश दिया गया कि इस मार्ग में किसी भी तरह का अवरोध न हो और यदि उसमें कोई अवरोध अथवा बाधा हो तो उसे अविलंब दूर करवाना सुनिश्चित करेंगे। आवागमन के मार्गों पर सभी अनुमण्डल पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी पर्याप्त बल, यातायात सिपाही और दण्डाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे। लाउडस्पीकर से आवश्यक घोषणायें करने का भी निदेश दिया गया। नगर आयुक्त, छपरा नगर निगम, सभी कार्यपालक पदाधिकारी पंचायत और सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को आदेश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में अवस्थित छठ घाटों की समय पूर्व साफ सफाई करवाना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही अर्घ्य दिए जाने वाले स्थलों और वहां जाने वाले मार्ग पर सफाई के साथ-साथ समुचित प्रकाश की व्यवस्था भी सुनिश्चित करें। सभी अनुमण्डल पदाधिकारियों को आदेश दिया गया है कि प्रत्येक छठ घाट के भौतिक सत्यापन हेतु टीम गठित कर सत्यापन प्रतिवेदन 22.10.2022 तक प्राप्त कर लें। निरीक्षण के क्रम में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाय कि घाटो का निर्माण, बैरिकेडिंग, संपर्क पथ का निर्माण, साफ सफाई तथा लाइटिंग की व्यवस्था छठ पर्व प्रारंभ होने के दो दिन पूर्व हर हाल में पूर्ण हो जाय।

सभी अनुमण्डल पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष बैठक कर छठ व्रतियों द्वारा अर्ध्य देने के स्थान को चिन्हित कर पर्याप्त संख्या में पालीवार दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करेगें। जिला स्तर से वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी अलग से किया जाएगा। प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अर्घ्य दिए जाने वाले स्थलों पर 30.10.2022 को 12.30 बजे अपराहन में अपना स्थान ग्रहण कर लेंगे एवं 31.10.2022 के 12.30 बजे अपराह्न तक प्रतिनियुक्त रहेगें। छठ पर्व हेतु नदी घाटों पर सभी अनुमण्डल पदाधिकारी अंचल अधिकारी से समन्वय स्थापित कर प्रशिक्षित स्थानीय गोताखोेर की प्रतिनियुक्ति भी करना सुनिश्चित करेंगे ताकि आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई किया जा सके। प्रतिनियुक्त पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी अर्ध्य दिए जाने वाले स्थलों पर लगातार भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था का संधारण सुनिश्चित करेगें तथा यह सुनिश्चित करेगें कि घाट पर जहाँ व्रतियों द्वारा पूजा की जाती है उसके आस-पास आतिशबाजी नहीं हो। इस संबंध में पूजा के आयोजको को समय पूर्व इसकी सूचना देने का भी निदेश दिया गया।

छठ घाटों और तालाबों पर छठ महापर्व के दौरान मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन सुनिश्चित कराने का भी निदेश दिया गया। नदियों, पोखर तालाब में कहीं-कहीं गहराई अधिक होने के कारण दुर्घटना की संभावना होती है। अतएव संबंधित अंचल अधिकारी समय पूर्व ऐसे खतरनाक स्थलों को चिन्हित कर वहां बैरिकेडिंग करवा कर बल्ले को रंगवाते हुए उस पर लाल झण्डा लगा देंगें ताकि व्रती इस सीमा के पार जा सकें। वे इसका व्यापक प्रचार प्रसार करवाना सुनिश्चित करेंगे। खतरनाक घाटों के संबंध में बैनर होर्डिंग लाउडस्पीकर के माध्यम से सूचना आम जनता को दी जाय ताकि श्रद्धालुओं को छठ पर्व के पूर्व इसकी जानकारी प्राप्त हो जाय। छठ व्रतियों द्वारा घाट पर जाने के लिए छोटी वाहनों का उपयोग किया जाता है। ये सभी वाहन प्रायः घाट के आस-पास ही खड़े कर दिए जाते है जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है एवं आवागमन में भी कठिनाई होती है। जाम की स्थिति से निपटने हेतु सभी अनुमण्डल पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी आस-पास स्थल चिन्हित कर पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करेगें ताकी जाम की समस्या न हो।

जिलाधिकारी के द्वारा बताया गया कि पूर्व में दिये गये निदेश के आलोक में नदियों में 28.10.2022 से 31.1.2022 तक नावों का परिचालन प्रतिबंधित किया गया है। इस परिप्रेक्ष्य में सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी दिनांक 28.10.2022 के अपराह्न 12ः30 बजे से दिनांक 31.10.2022 के मध्याह्न तक यह सुनिश्चित करेगें कि किसी भी परिस्थिति में निजी नावों का परिचालन नहीं हो, सभी अनुमण्डल पदाधिकारी छठ पर्व प्रारंभ होने के पूर्व से ही जांच अभियान चलाते हुए गैर पंजीकृत नावों को जप्त कर उसके मालिको के विरुद्ध कार्रवाई भी करना सुनिश्चित करेंगे। निबंधित नावों के परिचालन पर भी सख्त नजर रखी जाय और यह सुनिश्चित किया जाय कि इनमें भी ओवरलोडिंग नहीं होने पाए। प्रभारी पदाधिकारी आपदा प्रबंधन शाखा, छपरा सभी महत्वपूर्ण छठ घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे। असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी को आदेश दिया गया है कि अनुमण्डल पदाधिकारी सदर, सोनपुर और मढ़ौरा से समन्वय स्थापित कर सभी महत्वपूर्ण छठ घाटों पर चिकित्सक, पारा मेडिकल स्टाफ, स्ट्रेचर और ओ.एम.आर.की प्रशिक्षित टीमो के साथ साथ आवश्यकतानुसार एम्बुलेन्स की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे। असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सारण यह सुनिश्चित करेगें कि रोस्टर के अनुसार चिकित्सक, पारामेडिकल स्टाफ, स्ट्रेचर, दवा इत्यादि की व्यवस्था सदर अस्पताल सहित ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केन्द्र उपकेन्द्र पर उपलब्ध रहे।

जिला आपदा नियंत्रण कक्ष 24*7 क्रियाशील रहेगा। जिसका दूरभाष संख्या 06152-245023 है। इसके प्रभार में गंगाकान्त ठाकुर, वरीय उप समाहर्त्ता, सारण 9905045795 और पुलिस निरीक्षक मंजू कुमारी सिंह, सदर अंचल- 9934791624 रहेंगे। इसके साथ ही जिला नियंत्रण कक्ष भी 24 घंटा सतत् कार्यरत रहेगा जिसका दूरभाष संख्या 06152-242444 है। इसके प्रभार में डॉ० गगन, 9473191268 अपर समाहर्त्ता, सारण और सौरभ जायसवाल, पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय, सारण रहेंगे। अनुमण्डल पदाधिकारी, छपरा सदर, सोनपुर एवं मदौरा अपने-अपने अनुमण्डल कार्यालय में भी नियंत्रण कक्ष स्थापित कर पर्याप्त संख्या में दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी, बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय पदाधिकारी मढ़ौरा एवं सोनपुर अनुमण्डल से भी लगातार सम्पर्क में रहकर प्राप्त सूचनाओं पर नियमानुकूल कार्रवाई सुनिश्चित करेगें।