क्राइमछपरा

Saran Crime News: ग्राहक बनकर आया बदमाश, बोला-लॉकेट दिखाइए… और 9.5 लाख के गहने लेकर हुआ फरार

पलक झपकते गहनों का डिब्बा गायब, बदमाश बाइक से फरार

छपरा। सारण जिले के रिविलगंज बाजार में सोमवार को एक शातिर बदमाश ग्राहक बनकर ज्वेलरी दुकान में घुसा और दुकानदार को चकमा देकर लाखों रुपये के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया।

 अज्ञात बदमाशों ने “श्री ज्वेलर्स” नामक दुकान को निशाना बनाते हुए करीब साढ़े नौ लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया।

दुकानदार को चकमा देकर लाखों की ज्वेलरी उड़ाई

घटना के अनुसार, एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुआ और दुकानदार से सोने का लॉकेट दिखाने की मांग की। दुकानदार सत्यदेव प्रसाद ग्राहक को आभूषण दिखाने के लिए जैसे ही डिब्बा काउंटर पर रखे, तभी बदमाश ने मौका देखकर पूरा डिब्बा उठाया और भाग निकला।

बताया जा रहा है कि बदमाश पूरी योजना के साथ आया था। उसने पहले दुकान में मौजूद छोटे बच्चे को गुटखा लाने के बहाने बाहर भेज दिया, जिससे दुकान में केवल दुकानदार ही रह जाए। जैसे ही मौका मिला, वह आभूषण लेकर फरार हो गया।

दुकानदार के अनुसार, घटना के समय उनका बेटा, जो आमतौर पर दुकान संभालता है, घर पर खाना खाने गया हुआ था। इसी दौरान इस वारदात को अंजाम दिया गया।

तीन बदमाश बाइक पर आये थे, एक दुकान में गया

घटना के बाद दुकानदार ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो चुका था। बताया गया कि कुल तीन बदमाश इस वारदात में शामिल थे एक दुकान के अंदर और दो बाहर बाइक पर इंतजार कर रहे थे।

सीटीवी से बदमाशों की पहचान में जुटी पुलिस


घटना की सूचना मिलते ही रिविलगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानदार से पूरी जानकारी ली। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और बदमाशों की पहचान की कोशिश जारी है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में लिखित आवेदन नहीं दिया गया था, लेकिन पुलिस अपनी ओर से जांच में जुटी हुई है।

Author Profile

Ganpat Aryan
Ganpat Aryan
वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Ganpat Aryan

वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Related Articles

Back to top button