छपरा

Chhapra Violent Protest: छपरा में हिंसक बवाल के बाद उपद्रवियों ने पुलिस पर किया पथराव, सरकारी वाहन फूंका, 30 उपद्रवी हिरासत में

छपरा में बवाल के बाद हाई अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने संभाला मोर्चा

छपरा। नीट पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को छपरा में निकला विरोध-प्रदर्शन उस समय हिंसक हो गया, जब प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर उसमें आग लगा दी। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े। घटना में कई पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी घायल हुए हैं। पुलिस ने अब तक 30 लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। हिंसा के बाद जिला प्रशासन ने पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सारण जिला मुख्यालय में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत विभिन्न छात्र संगठनों एवं अन्य संगठनों द्वारा विरोध मार्च निकाला जा रहा था। प्रशासन का कहना है कि प्रदर्शन प्रारंभ में शांतिपूर्ण था, लेकिन इसी दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने माहौल बिगाड़ते हुए पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया।

पुलिस वाहन में लगायी आग, लाठीचार्ज

पथराव के दौरान प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर उसमें आग लगा दी। अचानक हुई हिंसा से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नहीं संभलने पर लाठीचार्ज किया गया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। इसके बाद पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ते हुए क्षेत्र को खाली कराया और कानून-व्यवस्था बहाल की।

कई अधिकारी और पुलिसकर्मी घायल

हिंसक झड़प के दौरान कई पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार सदर अंचल पुलिस निरीक्षक, रिविलगंज थानाध्यक्ष राजीव कुमार, रिविलगंज प्रखंड विकास पदाधिकारी रितेश कुमार, सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी घायल हुए हैं। सभी का उपचार कराया गया है।

30 लोगों को हिरासत में लिया गया

जिला प्रशासन के अनुसार, हिंसा और पथराव की घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 30 लोगों को हिरासत में लिया है। अन्य उपद्रवियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज, वीडियोग्राफी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि कई लोग आसपास की गलियों और मोहल्लों में छिप गए थे, जिनकी तलाश जारी है।

डीएम-एसएसपी ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही जिला दंडाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली। दोनों अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया तथा पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिला दंडाधिकारी ने बताया कि शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती कर दी गई है।

खनुआ नाला क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन अभियान

घटना के बाद जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनाए रखने और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से जिला दंडाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं एसएसपी विनीत कुमार के संयुक्त नेतृत्व में खनुआ नाला क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया।

इस दौरान शहर के पूर्वी से लेकर पश्चिमी क्षेत्र तक व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। अधिकारियों ने लोगों से शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की।

प्रशासन की सख्त चेतावनी

जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति द्वारा हिंसा, आगजनी, पथराव, सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने अथवा शांति भंग करने का प्रयास किया गया तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें, सोशल मीडिया पर अपुष्ट जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

फ्लैग मार्च में शामिल रहे वरिष्ठ अधिकारी

एरिया डोमिनेशन अभियान और फ्लैग मार्च में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), सदर डीसीएलआर सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जिले में शांति एवं सामान्य जनजीवन बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Author Profile

Ganpat Aryan
Ganpat Aryan
वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Ganpat Aryan

वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Related Articles

Back to top button