देशबिहार

बिहार में सड़क पर कब्जा अब नहीं चलेगा! अवैध कब्जों पर चलेगा बुलडोजर

परिवहन सचिव ने जारी किया आदेश

पटना। बिहार में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं, ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थित यातायात को देखते हुए परिवहन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के उद्देश्य से पूरे राज्य में सड़कों से अतिक्रमण हटाने का व्यापक अभियान शुरू कर दिया गया है। यह अभियान नगर निगमों के सहयोग से संयुक्त रूप से चलाया जा रहा है, जिसके तहत सभी जिलों के जिला परिवहन अधिकारियों (डीटीओ) को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

सड़क सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता

परिवहन सचिव राज कुमार ने बताया कि सड़क सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता में है और इसी दिशा में यह विशेष ड्राइव शुरू की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फुटपाथ, मुख्य सड़कें, चौराहे और राष्ट्रीय/राज्य राजमार्गों पर अवैध कब्जों को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जा रहा है।

अभियान के तहत ठेले-खोमचे, अस्थायी दुकानें, शेड, अवैध पार्किंग, सड़क किनारे किए गए निर्माण और अन्य अतिक्रमणों को चिह्नित कर हटाया जा रहा है। नगर निगम की टीम जेसीबी मशीन, स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक विभाग के सहयोग से कार्रवाई कर रही है। जहां आवश्यक हो, वहां अवैध सामग्री जब्त की जा रही है तथा दोषियों पर जुर्माना भी लगाया जा रहा है।

संयुक्त टीम बनाकर चलेगा अभियान

परिवहन सचिव ने कहा कि अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो जाती हैं, फुटपाथ पैदल चलने योग्य नहीं रह जाते और एंबुलेंस तथा फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को समय पर पहुंचने में कठिनाई होती है। इससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने सभी डीटीओ को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने जिलों में नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें, नगर निकाय और पुलिस प्रशासन के साथ संयुक्त टीमों का गठन करें तथा इस अभियान को केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रखकर लगातार चलाते रहें।

विभाग का मानना है कि इस संयुक्त प्रयास से न केवल सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि शहरों में ट्रैफिक व्यवस्था भी अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बनेगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित वातावरण बनाने में सहयोग दें।

Author Profile

Ganpat Aryan
Ganpat Aryan
वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Ganpat Aryan

वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Related Articles

Back to top button