छपरा

सारण में गैस पाइपलाइन की सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त, सड़क की खुदाई से पहले मौके पर रहेंगे IOCL के अधिकारी

80 पंचायतों में कबीर अंत्येष्टि योजना की शून्य प्रविष्टि पर डीएम ने जताई चिंता

छपरा। सड़क निर्माण या मरम्मत के नाम पर होने वाली खुदाई के दौरान भूमिगत गैस पाइपलाइन को नुकसान पहुंचने और गंभीर दुर्घटना की आशंका को देखते हुए सारण जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। अब जिले में किसी भी सड़क की खुदाई अथवा अन्य निर्माण कार्य के दौरान IOCL की भूमिगत पाइपलाइन वाले क्षेत्र में उसके अधिकृत अधिकारी की मौजूदगी अनिवार्य होगी। बिना संबंधित अधिकारी की उपस्थिति के किसी भी परिस्थिति में खुदाई नहीं की जाएगी। जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मंगलवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में इस संबंध में सभी संबंधित विभागों और कार्यकारी एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया।

बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति, लंबित मामलों, निर्वाचन संबंधी गतिविधियों, राजस्व कार्यों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की विस्तृत समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित समयसीमा में योजनाओं और लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करें।

IOCL अधिकारी की मौजूदगी में ही होगी सड़क की खुदाई

डीएम ने पथ निर्माण, ग्रामीण कार्य विभाग (आरडीडी), विद्युत, आरसीडी सहित सभी संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिया कि IOCL की ओर से भूमिगत पाइपलाइन का नेटवर्क मैप उपलब्ध कराया गया है। ऐसे में किसी भी सड़क की खुदाई या निर्माण कार्य शुरू करने से पहले यह सुनिश्चित करना होगा कि संबंधित क्षेत्र में पाइपलाइन तो नहीं है। यदि पाइपलाइन प्रभावित होने की आशंका हो तो IOCL के अधिकृत अधिकारी की मौजूदगी में ही खुदाई कराई जाए।

इस निर्देश का सख्ती से पालन करने को कहा गया है, ताकि भूमिगत गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से गैस रिसाव, आगजनी और अन्य गंभीर दुर्घटनाओं को रोका जा सके। इस संबंध में बुडको (BUDCO) और जिले के सभी नगर निकायों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

80 पंचायतों में कबीर अंत्येष्टि योजना की शून्य प्रविष्टि पर चिंता

बैठक में सामाजिक सुरक्षा के तहत संचालित कबीर अंत्येष्टि योजना की समीक्षा के दौरान जिले की 80 पंचायतों में शून्य प्रविष्टि (जीरो एंट्री) का मामला सामने आया। इस पर डीएम ने चिंता जताते हुए संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों को पंचायत सचिवों के साथ समीक्षा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने सांख्यिकी विभाग से पंचायतवार आंकड़े प्राप्त कर उनका मिलान कराने और संबंधित प्रखंडों से इसकी जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि संबंधित पंचायतों में योजना के तहत प्रविष्टि क्यों नहीं हुई और पात्र लाभुकों को योजना का लाभ मिल रहा है या नहीं। प्रशासन ने योजना का लाभ वास्तविक पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए आंकड़ों की जांच और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने और जेंडर रेशियो सुधारने पर जोर

निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम ने निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप विद्यालय स्तर पर निर्वाचन जागरूकता कार्यक्रम शुरू कराने को कहा। जिला शिक्षा पदाधिकारी को प्रखंडवार और कार्यक्रमवार कार्ययोजना तैयार कर विद्यालयों में गतिविधियां संचालित कराने का निर्देश दिया गया।

मतदाता सूची में महिला और पुरुष मतदाताओं के जेंडर रेशियो में सुधार तथा 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग के नए युवा मतदाताओं का नाम जोड़ने के कार्य में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया। उप निर्वाचन पदाधिकारी को प्रखंडवार विश्लेषण चार्ट तैयार करने और इस अभियान में जीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक मतदाता सूची उपलब्ध कराने को कहा गया।

कायाकल्प योजना में हजारों कार्य प्रगति पर, स्वास्थ्य विभाग की 357 योजनाएं पूरी

बैठक में कायाकल्प योजना के तहत विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों में आधारभूत संरचना के विकास से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार ग्रामीण विकास विभाग के तहत 1,639 योजनाएं चिह्नित की गई हैं, जिनमें से 1,312 पर काम प्रगति पर है। शिक्षा विभाग के तहत 3,000 योजनाएं चिह्नित हैं, जिनमें 2,236 पर कार्य चल रहा है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के तहत चिह्नित 477 योजनाओं में से 357 पूरी हो चुकी हैं।

डीएम ने सभी संबंधित विभागों को प्रखंडवार योजनाओं की स्थिति का चार्ट तैयार करने और शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया। आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण और आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्यों में भी तेजी लाने को कहा गया।

योजनाओं की प्रगति एक नजर में

विभागचिह्नित योजनाएंकार्य की स्थिति
ग्रामीण विकास1,6391,312 प्रगति पर
शिक्षा3,0002,236 प्रगति पर
स्वास्थ्य477357 पूर्ण

राजस्व, दाखिल-खारिज और अभियान बसेरा की समीक्षा

राजस्व संबंधी कार्यों की समीक्षा के दौरान परिमार्जन, दाखिल-खारिज और अभियान बसेरा की प्रगति पर चर्चा हुई। डीएम ने सभी अंचल अधिकारियों को नियमित राजस्व कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। अभियान बसेरा के तहत भूमिहीन परिवारों को भूमि उपलब्ध कराने की कार्रवाई में विशेष तत्परता बरतने को कहा गया।

इसके अलावा जनता दरबार, भू-अर्जन, आरटीपीएस और राशन कार्ड निर्माण से संबंधित लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को इन मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं सीडब्ल्यूजेसी और एमजेसी सहित विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित न्यायिक मामलों की समीक्षा कर उनका शीघ्र निष्पादन करने को कहा गया।

सोनपुर मेला क्षेत्र में जिला गंगा समिति को मिलेगी भूमि

जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की बैठक भी आयोजित की गई। इसमें सोनपुर मेला क्षेत्र में समिति के कार्यों के लिए भूमि उपलब्ध कराने का मुद्दा उठा। डीएम ने अपर समाहर्ता (भू-राजस्व) को तत्काल आवश्यक भूमि चिह्नित कर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

वहीं एसटीपी, एमआरएफ और कंपोस्ट यूनिट से संबंधित योजनाओं के लिए विभिन्न अंचल अधिकारियों से प्राप्त प्रस्तावों की समीक्षा की गई। सतत लीज के तहत प्रस्तुत प्रस्तावों पर संबंधित अंचल अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर व्यवहार्यता प्रतिवेदन देने को कहा गया, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।

बैठक के अंत में डीएम ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं में अनावश्यक देरी नहीं होने देने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समयसीमा में उनका निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Author Profile

Ganpat Aryan
Ganpat Aryan
वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Ganpat Aryan

वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button