
छपरा: सारण पुलिस ने महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के शोषण के खिलाफ चलाए जा रहे “आवाज दो” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्केस्ट्रा की आड़ में चल रहे कथित शोषण रैकेट का पर्दाफाश किया है। कई थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर पुलिस ने 20 नाबालिग एवं पीड़ित लड़कियों को मुक्त कराया, जबकि 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मुक्त कराई गई लड़कियों में नेपाल सहित कई राज्यों की पीड़िताएं शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट), महिला थाना और विभिन्न थानों की संयुक्त टीम द्वारा की गई। अभियान के दौरान सहाजितपुर, गौरा, जलालपुर, मढ़ौरा एवं बनियापुर थाना क्षेत्रों में संचालित आर्केस्ट्रा स्थलों पर सघन छापेमारी की गई।
पुलिस ने बताया कि छापेमारी के दौरान कई नाबालिग और पीड़ित लड़कियों से जबरन नृत्य करवाए जाने की जानकारी सामने आई। कार्रवाई के दौरान कुल 20 लड़कियों को मुक्त कराया गया, जिनमें नेपाल की 8, पश्चिम बंगाल की 4, झारखंड की 2, ओडिशा की 2, उत्तर प्रदेश, असम, बिहार और मध्य प्रदेश की एक-एक पीड़िता शामिल है।
3 दिनों में 50 लड़कियां मुक्त, 20 आरोपी गिरफ्तार
सारण पुलिस के अनुसार “आवाज दो” अभियान के तहत पिछले तीन दिनों में लगातार कार्रवाई करते हुए कुल 50 नाबालिग एवं पीड़ित लड़कियों को मुक्त कराया गया है, जबकि 20 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। वहीं मई 2023 से अब तक चलाए गए विशेष अभियान में कुल 397 लड़कियों को मुक्त कराते हुए 136 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
कई गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला
इस मामले में महिला थाना कांड संख्या-68/26, दिनांक 14 मई 2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट, बंधुआ मजदूर अधिनियम और आईटीपीए एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की सूची
| क्रम संख्या | अभियुक्त का नाम | निवासी |
|---|---|---|
| 1 | गोलू कुमार | सोनपुर, सारण |
| 2 | सुरज शर्मा | बनियापुर, सारण |
| 3 | रहीम शेख | बनियापुर, सारण |
| 4 | राजा दास उर्फ सोम्यरंजन दास | जगतसिंहपुर, ओडिशा |
| 5 | ऋणि मलिक | जगतसिंहपुर, ओडिशा |
| 6 | सोहिदुल इस्लाम | बोगाई गांव, असम |
| 7 | महादेव रविदास | दक्षिण दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल |
| 8 | मितन जना | पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल |
| 9 | लतिका विश्वास | पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल |
| 10 | कृष्णा बेहरा | मयूरभंज, ओडिशा |
| 11 | प्रदीप जाट | जबलपुर, मध्य प्रदेश |
कई थानों की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस विशेष अभियान में एएचटीयू सारण, महिला थाना, सहाजितपुर, गौरा, मढ़ौरा, बनियापुर एवं जलालपुर थाना की पुलिस टीम के अलावा “एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन” संस्था के सदस्य भी शामिल रहे।
सारण पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं महिलाओं या नाबालिग लड़कियों के शोषण, मानव तस्करी या जबरन कार्य कराने जैसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत “आवाज दो” हेल्पलाइन नंबर 9031600191 पर सूचना दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
क्राइमMay 16, 2026सारण में आर्केस्ट्रा की आड़ में गंदा खेल बेनकाब! 50 लड़कियां मुक्त, 20 आरोपी गिरफ्तार
क्राइमMay 16, 2026Crime News: सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई! 3 किलो चांदी और 25 ग्राम सोना के साथ 3 अपराधी गिरफ्तार
क्राइमMay 16, 2026बिहार में अपराधियों पर कसा शिकंजा, 7624 अभियुक्तों को सजा, 453 को उम्रकैद
देशMay 15, 2026क्या आपका बच्चा भी मोबाइल देखकर खाना खाता है? AIIMS रिपोर्ट ने चौंकाया







