छपरा

Mahashivratri: सारण DM का बड़ा आदेश, महाशिवरात्रि के दौरान भड़काऊ गानों और डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

डीजे पर रोक और सोशल मीडिया पर कड़ी नजर

छपरा। महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सारण जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में वैभव श्रीवास्तव, जिलाधिकारी, सारण एवं विनीत कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था को लेकर एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों से एक-एक कर फीडबैक लिया गया और आवश्यक निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक जुलूस एवं शोभायात्रा के लिए लाइसेंस अनिवार्य होगा और इसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। बिना अनुमति किसी भी प्रकार के जुलूस की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि डीजे का उपयोग पूर्णतः वर्जित रहेगा तथा किसी भी प्रकार के जातिगत या धार्मिक विद्वेष फैलाने वाले संगीत का प्रयोग नहीं किया जाएगा। उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सोशल मीडिया सेल 24 घंटे सक्रिय है। किसी भी तरह के आपत्तिजनक, भ्रामक या अफवाहजनक पोस्ट करने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि असत्यापित सूचनाओं को साझा न करें।

शोभायात्रा मार्गों का भौतिक सत्यापन

प्रशासन ने सभी शोभायात्रा मार्गों का भौतिक सत्यापन कराने का निर्देश दिया है। जुलूस मार्ग में यदि कहीं बिजली के ढीले या नीचे लटके तार हों तो उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाए। साथ ही मार्ग में बाधक पेड़ों की टहनियों की छंटाई समय रहते कराने को कहा गया है।

तकनीकी आधार पर बिजली व्यवस्था

सुरक्षा के दृष्टिकोण से शोभायात्रा के दौरान आवश्यकतानुसार बिजली कटौती को तकनीकी आधार पर रेगुलेट करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। सभी जुलूसों की सतत वीडियोग्राफी कराई जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत नियंत्रण किया जा सके।

advertisement

नगर निगम को सफाई के निर्देश

नगर निगम क्षेत्र में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के लिए नगर निगम को निर्देशित किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

शांति समिति की बैठक अनिवार्य

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जहां भी स्थानीय स्तर पर शांति समिति की बैठक नहीं हुई है, वहां अविलंब बैठक आयोजित कर ली जाए और समुदाय के सभी वर्गों का सहयोग लिया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक के अलावा पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था), नगर आयुक्त, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी जुड़े। प्रशासन ने दो टूक कहा कि कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा और महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Author Profile

Ganpat Aryan
Ganpat Aryan
वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Ganpat Aryan

वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Related Articles

Back to top button