सारण में खनन माफियाओं के खिलाफ चलेगा अभियान, बॉर्डर पर बन रहा है माइनिंग चेकपोस्ट
अप्रैल माह में अब तक 12 प्राथमिकी दर्ज

छपरा। जिले में अवैध खनन और मद्य निषेध कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने संयुक्त बैठक कर संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। बैठक में साफ कहा गया कि अवैध खनन, बालू के अवैध परिवहन और शराब कारोबार के खिलाफ अब और तेज व ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
आरा-सारण बॉर्डर पर बन रहा है माइनिंग चेकपोस्ट
समाहरणालय सभागार में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने अवैध खनन और मद्य निषेध से जुड़े मामलों की समीक्षा की। बैठक के दौरान वीर कुंवर सिंह सेतु के दक्षिणी छोर पर आरा-सारण बॉर्डर पर बन रहे माइनिंग चेकपोस्ट के निर्माण कार्य की प्रगति पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि चेकपोस्ट का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है, इसे अविलंब चालू कर प्रभावी निगरानी शुरू की जाए।
अप्रैल माह में अब तक 12 प्राथमिकी दर्ज
अधिकारियों ने जानकारी दी कि अप्रैल माह में अब तक अवैध खनन एवं परिवहन से संबंधित 12 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं तथा लगभग 3 लाख रुपये का अर्थदंड वसूला गया है। इसके बावजूद डीएम और एसएसपी ने सख्त लहजे में कहा कि कार्रवाई में और तेजी लाई जाए तथा दोषियों के खिलाफ प्रभावी कदम उठाए जाएं।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी और सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही, जिले के 49 बालू घाटों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक घाटों की बंदोबस्ती के लिए आम सूचना जारी कर प्रक्रिया तेज करने को कहा गया।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जप्त किए गए वाहनों के अधिहरण (कन्फिस्केशन) की कार्रवाई हर हाल में सुनिश्चित की जाए। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि वाहन जप्ति के 30 दिनों के भीतर राजसात (कब्जे में लेने) का प्रस्ताव भेजना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।
बैकवर्ड लिंकेज के माध्यम से अवैध शराब के बड़े कारोबारियों और नेटवर्क की पहचान
मद्य निषेध के मामले में भी जिले में व्यापक कार्रवाई की जानकारी दी गई। इस वर्ष अब तक पुलिस और मद्य निषेध विभाग द्वारा संयुक्त रूप से 46,130 छापेमारी की गई है। इसके तहत 2,462 अभियोग दर्ज किए गए और 3,688 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही 1,62,391 लीटर देशी शराब और 51,840 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है।
डीएम और एसएसपी ने निर्देश दिया कि बैकवर्ड लिंकेज के माध्यम से अवैध शराब के बड़े कारोबारियों और नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, जब्त शराब के समयबद्ध विनष्टीकरण के लिए सभी थाना प्रभारियों को प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर), सिविल सर्जन, सहायक आयुक्त मद्य निषेध, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी सहित विभिन्न थाना प्रभारी मौजूद रहे। इसके अलावा अन्य अनुमंडलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
छपराMay 26, 2026छपरा नगर निगम समेत 9 नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के चुनाव की तारिख घोषित
छपराMay 26, 2026सारण में बड़ा हादसा: सरयू नदी में डूबे 3 सगे भाई, दो को बचाया गया, एक लापता
बिहारMay 26, 2026Bihar Darshan: बिहार सरकार का नया फरमान, अफसरों को परिवार संग करना होगा पर्यटन भ्रमण
Railway UpdateMay 26, 2026Summer Special Train: छपरा के रास्ते आनंद विहार से मुजफ्फरपुर के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन







