
छपरा। छपरा में एक लापता मजदूर का शव पोखर से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रसूलपुर थाना क्षेत्र के तेलियाडी गांव निवासी रामकुमार राम (पिता – चंद्रिका राम) के रूप में हुई है। वह छपरा शहर में रहकर मकान निर्माण का कार्य करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब नौ बजे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के करिंगा मंगईडी पोखर में स्थानीय लोगों ने पानी में एक शव तैरता हुआ देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर सदर अस्पताल भेज दिया।
शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर उसकी शिनाख्त रामकुमार राम के रूप में की गई। पुलिस के अनुसार, शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
तीन दिनों से मंगईडी में कर रहा था काम
परिजनों ने बताया कि रामकुमार पिछले तीन दिनों से छपरा के मंगईडी इलाके में अन्य मजदूर साथियों के साथ रहकर निर्माण कार्य कर रहा था। शनिवार दोपहर करीब एक बजे वह भोजन करने की बात कहकर एक साथी का मोबाइल फोन लेकर निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। देर रात तक परिजनों और साथियों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था, जिससे चिंता और बढ़ गई।
रविवार सुबह कुछ समय के लिए मोबाइल ऑन हुआ, जिसकी लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की गई। इसी क्रम में खोजबीन करते हुए लोग पोखर के समीप पहुंचे, जहां उसका शव बरामद हुआ।
पुलिस जांच में जुटी, आवेदन का इंतजार
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया किसी बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने कहा कि परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में मातम पसरा है और लोग इस अप्रत्याशित घटना से स्तब्ध हैं। सभी की निगाहें अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस रहस्यमय मौत की असली वजह सामने आ सके।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
छपराApril 9, 2026दूल्हा-दुल्हन के साथ अब LPG गैस का भी इंतजाम जरूरी! बिहार में नया नियम लागू
छपराApril 9, 2026अब नहीं डूबेगा छपरा शहर! ड्रेनेज सिस्टम सुधारने मैदान में उतरे डीएम
छपराApril 9, 2026बेतिया राज जमीन पर सरकार का बड़ा फैसला, पुरानों को मालिकाना हक, नई नीति लागू
करियर – शिक्षाApril 8, 2026Astronomy Lab: प्राइवेट स्कूलों पर भारी पड़ा छपरा का ये सरकारी स्कूल, एस्ट्रोनॉमी लैब हुआ स्थापित







